Breaking News
Oplus_131072

प्राकृतिक आपदाएं अनियोजित व अनियंत्रित विकास का परिणाम: तिवारी

उपपा अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा, 2027 तक उत्तराखंड में होंगे कई बदलाव
सामाजिक और राजनीतिक ताकतों से एकजुट होने का किया आह्वान

अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही कथित प्राकृतिक आपदाएं अनियोजित, अनियंत्रित व अवैज्ञानिक विकास का परिणाम है। सरकारों की कुनीतियों ने उत्तराखंड को तबाह कर दिया है। आज पूरा उत्तराखंड आपदा के मुहाने पर खड़ा है। इस साल धराली, थराली, बागेश्वर, पौड़ी समेत कई स्थानों पर एक के बाद एक आई आपदाओं से वहां के स्थानीय लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई लोगों ने अपनी जान गंवाई। इतनी बढ़ी तबाही के बाद भी सरकार नहीं चेत रही है। जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उपपा अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा, बढ़ती असमानता के चलते आज राज्य के युवा रोजगार के लिए दर दर भटक रहे हैं। सालों साल से घरों से दूर किराये में रहकर युवा मेहनत कर रहे हैं। सरकार ने नकल विरोधी कानून लाने के बाद उसका खूब ढिंढोरा पीटा। लेकिन फिर पेपर लीक के मामले ने सरकार की पोल खोल दी और स्पष्ट हो गया कि भाजपा सरकार को युवाओं के भविष्य की कोई चिंता नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि जिन सपनों व परिकल्पनाओं के साथ राज्य मांगा गया था। राज्य बनने के बाद ठीक उसके उलट कार्य हो रहे हैं। प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ते महिला अपराध व प्राकृतिक संसाधनों की लूट खसोट से त्रस्त हो चुकी है। जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है। समाज में बढ़ती असमानता, नफरत, अशिक्षा समेत तमाम अव्यवस्थाओं के खिलाफ परिवर्तन पार्टी पिछले कई सालों से मुखर है और लगातार जनता की आवाज उठा रही है। उपपा चाहती है कि एक ऐसा समाज का निर्माण हो जहां शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की गारंटी हो। इसी विचार के साथ पार्टी आगे बढ़ रही है। मिशन 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सामाजिक और राजनीतिक ताकतों को एकजुट करने का प्रयास चल रहा है। यह कोशिश जल्द ही परिणाम लेकर आएगी। 2027 तक उत्तराखंड में कई बदलाव ​देखने को मिलेंगे।

 

प्रेस वार्ता में उपपा के केंद्रीय महासचिव नारायण राम, नरेश नौड़ियाल, शाकिब, अमिनुर्रहमान, किरन आर्या, गोपाल राम, पूजा आदि मौजूद रहे।

Check Also

Breaking news

बड़ी खबर:: CM धामी का बड़ा एक्शन, होमगार्ड्स विभाग में भर्ती घोटाला मामले में इस अफसर को किया सस्पेंड

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *