Breaking News
Oplus_131072

ऑपरेशन स्वास्थ्य :: चौखुटिया में सड़क में उमड़ा जनसैलाब, लोगों ने भरी हुंकार, बाजार रहा बंद

बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भयंकर आक्रोश, सरकार को घेरा

अल्मोड़ा। चौखुटिया में पिछले 14 दिन से ऑपरेशन स्वास्थ्य आंदोलन के तहत आमरण अनशन में बैठे आंदोलनकारियों व स्थानीय जनता के सब्र का बांध टूटने लगा है। बदहाल व लचर स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में बुधवार को हजारों की तादाद में लोग सड़कों पर उतर आएं। सड़कों पर उमड़ें जनसैलाब को देखकर प्रशासन व पुलिस के हाथ पांव फूल गए। हालांकि, सभी आंदोलनकारियों व ग्रामीणों ने शांतिपूर्वक जुलूस निकाला और प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य मंत्री को घेरा तथा जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पूरा चौखुटिया बाजार बंद रहा।

 

फ़ोटो क्रेडिट- हेम कांडपाल, हमारा मंच, हमारी बात।

 

 

स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से आए दिन हो रही लोगों की मौत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मानकों के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, जरूरी उपकरणों की व्यवस्था के साथ ही सुपर सुविधाओं से युक्त अस्पताल खोलने की मांग को लेकर पूर्व सैनिक भुवन कठायत, बचे सिंह समेत कई लोग क्रमिक अनशन कर रहे हैं।

 

बुधवार को गेवाड़ घाटी के छोर के साथ ही चौखुटिया से लगे खनसर घाटी व कुनिगाड़ सहित तमाम क्षेत्रों, गांवों व घरों से निकलकर लोग चौखुटिया पहुंचे। पुलिस प्रशासन को इतनी भीड़ होने का अंदाजा नहीं था। लोग इस कदर उमड़ आए कि चौखुटिया की सड़कें छोटी पड़ गई। लोग हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए चांदीखेत बाजार से गनाई बाजार होकर रामंगगा आरती घाट के किनारे अनशन स्थल पर पहुंचे।

 

फ़ोटो क्रेडिट- हेम कांडपाल, हमारा मंच, हमारी बात।

 

आंदोलनकारी पूर्व सैनिक भुवन सिंह कठायत ने कहा कि सरकार के पास स्वास्थ्य व शिक्षा की कोई नीति नहीं है। लोग स्वास्थ्य जैसे मूलभूत अधिकार के लिए सड़कों पर है। सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि चौखुटिया से आग सुलग चुकी है जो अब पूरे प्रदेशभर में फैलेगी। जनता अपने अधिकार लेकर रहेगी। मांगों को लेकर राष्ट्रपति के पास भी जाना पड़ेगा तो वह जाएंगे।

 

भुवन कठायत, ऑपरेशन स्वास्थ्य के मुख्य आंदोलनकारी

 

अन्य वक्ताओं ने कहा कि गेवाड़ घाटी की अनदेखी अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। अब यहां के बाशिंदे यह अन्याय सहन नहीं करेंगे और अपना हक लेकर रहेंगे। आमरण अनशन में अब तक भुवन कठायत, बचे सिंह, पार्वती मिश्रा, भोपाल सिंह बौरा, कैलाश पालीवाल, नरेंद्र रावत, चतुर सिंह नेगी,नरेंद्र बिष्ट, बुद्धि सिंह बिष्ट, कैलाश पांडे, हेमंत बंगारी, नवीन चंद्र तिवारी, चंद्रा कोहली भागीदारी कर चुके हैं।

 

आंदोलन स्थल पहुंचकर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार चारू तिवारी, भगवत सिंह, महेश फुलारा, कैलाश गिरी, मनीष सुंदरियाल, बसंत उपाध्याय समेत कई लोगों ने आंदोलनकारियों को अपना समर्थन दिया। यहां ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, पूर्व ब्लाक प्रमुख किरण नेगी, मीना कांडपाल, हेम कांडपाल, पार्वती मिश्रा, गीता कठायत समेत हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

 

 

 

Check Also

Breaking news

अल्मोड़ा बिग ब्रेकिंग: नदी में डूबने से युवक की मौत, शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुटी पुलिस

  अल्मोड़ा: सोमेश्वर क्षेत्र के मनान में एक युवक नदी में डूब गया। नदी से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *