अल्मोड़ा। सांस्कृतिक नगरी में इन दिनों जय गोल्ज्यू महोत्सव की धूम मची है। मल्ला महल परिसर में आयोजित हो रहे इस महोत्सव में हर रोज उत्तराखंड के साथ ही पंजाबी, राजस्थानी, गुजराती समेत कई राज्यों की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है। साथ ही स्टार नाईट में लोक गायक अपनी मनमोहक प्रस्तुति से जलवा बिखेर रहे है।
गत मंगलवार को महोत्सव के छठें दिन बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अंशुल सिंह, विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट समेत अन्य अतिथियों ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजकों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में डीएम सिंह ने संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति की सराहना करते हुए कहा कि लोक परंपराओं, कलाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण व संवर्द्धन के लिए इस तरह के महोत्सव काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। पिछले कई सालों से यह आयोजन कर समिति ने मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय व अन्य जगहों पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित होते रहे इसके लिए प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
स्टार नाइट में जाने माने लोकगायक फौजी ललित मोहन जोशी और दीवान कनवाल ने अपनी खनकती आवाज का जादू बिखेर महोत्सव में समां बांध दिया। इस दौरान दर्शक उनके गानों पर खूब झूमे। वही, बुधवार को दिन में कवि सम्मेलन और महिला परिधान प्रतियोगिता समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। संचालन गायत्री जोशी ने किया।
महोत्सव में एसडीएम संजय कुमार, तहसीलदार ज्योति धपवाल, डीआईओ सत्यपाल सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीपी भैसोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो कुंदन लटवाल, एड. शेखर लखचौरा, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रवि रौतेला, प्रतिष्ठित दवा व्यवसाई व सामाजिक कार्यकर्ता बीएस मनकोटी, अरुण वर्मा, प्रकाश बिष्ट, तारा चंद्र जोशी, मंयक रौतेला समेत कई लोग मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News