देहरादून: प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में निदेशक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से वहां अफरा तफरी मच गई। जिसमें डायरेक्टर को चोटें आई है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हमले में निदेशक के चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आई है। घटना के समय भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वें ही अशासकीय विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों को लेकर निदेशालय पहुंचे थे।
इस पूरे घटनाक्रम के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें निदेशक के कक्ष में तीखी बहस, धक्का-मुक्की और कुर्सियां फेंके जाने जैसी तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला और भी गरमा गया है।
बताया जा रहा है कि उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शिक्षा निदेशालय पहुंचे। बताया जा रहा है कि वे एक सरकारी विद्यालय का नाम बदले जाने के मुद्दे को लेकर बातचीत करने पहुंचे थे। शुरुआत में माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण था। विधायक ने प्रशासन के सामने अपनी बात रखी। बातचीत के दौरान किसी बात पर कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण होता चला गया।
आरोप है कि इसी दौरान विधायक और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौड़ियाल के कार्यालय में घुसकर उनके साथ मारपीट की। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक का कहना है कि यह पूरी घटना न सिर्फ प्रशासनिक मर्यादाओं के खिलाफ है, बल्कि एक वरिष्ठ अधिकारी की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
घटना के बाद प्रदेशभर में शिक्षक संगठनों में भारी रोष फैल गया। शिक्षकों का कहना है कि यदि एक वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी अपने ही कार्यालय में सुरक्षित नहीं है, तो आम शिक्षक और कर्मचारी किस भरोसे से काम करें। इसी आक्रोश के चलते शिक्षकों ने शिक्षा निदेशालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। शिक्षक आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे है। ऐसा न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
उधर, यह मामला अब राजनीतिक रंग भी लेता जा रहा है। विपक्षी दलों ने भी इस घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। वहीं प्रशासनिक स्तर पर पूरे प्रकरण की जांच की बात कही जा रही है।
India Bharat News Latest Online Breaking News