अल्मोड़ा: लोक प्रबंध विकास संस्था द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह इनाकोट में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बच्चों द्वारा निबंध के माध्यम से व्यक्त किए गए विचारों को निर्णायकों द्वारा साझा किया गया।
संस्था संचालक ईश्वर जोशी ने बताया कि 1996 से यह प्रतियोगिता निरंतर आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता की खासियत यह है कि बच्चों के विचारों को जानने हेतु निबंध का विषय प्रतियोगिता स्थल पर ही दिए जाते हैं। इस वर्ष इस प्रतियोगिता में 38 विद्यालयों के 318 बच्चों ने भाग लिया था।
निबंध प्रतियोगिता के संयोजक अशोक भोज ने बताया कि कक्षा चार से कक्षा 12 तक के बच्चों के बीच आयोजित की जाने इस प्रतियोगिता हेतु विषय “पंचायत चुनाव व मेरे अनुभव”, “पहाड़ में बंजर परती खेती- कारण एवं निवारण” तथा “मेरा घर परिवार” दिए गए थे।
वरिष्ठ वर्ग के निर्णायक व पहरु के संपादक नीरज पंत ने कहा कि पंचायत चुनाव में शराब के बढ़ते प्रचलन पर बच्चों ने अपने निबंधों में गहरी चिंता जताई है। मध्यम वर्ग के निर्णायक किशोर तिवारी ने कहा कि बंजर पड़ती खेती के प्रमुख कारण बच्चों ने जंगली जानवरों का नुकसान, मुफ्त का राशन तथा खेती को लेकर नई पीढ़ी में रुचि न होना बताया है।
कनिष्क वर्ग के निर्णायक तारा दत्त डंगवाल ने बताया कि निबंध में छोटे बच्चों द्वारा अपने घर परिवार का काफी सुंदर चित्रण किया है। कई बच्चे अभिभावको के शराब पीने से दुखी हैं तो कई ने उनकी मां द्वारा मोबाइल का खूब प्रयोग करने का जिक्र क्या है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ दिनेश पांडे ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता बच्चों के सर्वागीण विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने बच्चों से लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ाने की बात कही।
छात्र नेता गीतांशु जोशी ने युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके लिए समाज को सजग रहने की जरूरत बताई। जबकि कनिष्ठ प्रमुख निर्मल नयाल ने स्थानीय लोकतंत्र की मजबूती हेतु सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। कैप के विजय विमोला ने कहा शिक्षा ही वह औजार है, जो बच्चों को एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है।
निबंध प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में रा.क.इं. कॉलेज सारकोट की पायल बिष्ट ने प्रथम तथा इसी विद्यालय की साक्षी जोशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि तृतीय व चतुर्थी स्थानीय पर श्री राम विद्या मंदिर की आकांक्षा बिष्ट व भूमिका नगर कोटी रही। मध्यम वर्ग में श्री राम विद्या मंदिर डोटियाल गांव के गोकुल भाकुनी ने प्रथम, सरस्वती सर्व शिक्षा मिशन स्कूल बसोली के दीपक नेगी ने द्वितीय, राजकीय इंटर कॉलेज भकूना की साक्षी बिष्ट ने तृतीय तथा अटल उत्कृष्ट रा.इ.का.डीनापानी की शम्सी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में कृषि इंटर कॉलेज विजयपुर पटिया की रिद्धिमा भट्ट तथा पायल भट्ट क्रमशः द्वितीय तथा चतुर्थ स्थान पर रहीं। इस वर्ग में प्रथम स्थान राजकीय इंटर कॉलेज भकूना की संजना आर्य ने तथा तृतीय स्थान श्री राम विद्या मंदिर इंटर कालेज डोटियालगांव की आरती बिष्ट ने प्राप्त किया। इसके अलावा 31 बच्चों को अपने विद्यालयों में सर्वश्रेष्ठ निबंध के लिए पुरष्कृत किया गया l
इस अवसर पर दीप्ति भोजक, खीम सिंह, दीवान सिंह, डूंगर सिंह, चंदन सिह महेश पंत, दिनेश नगरकोटी, सुशील कांडपाल, रेखा नगरकोटी, चंद्रशेखर पाठक आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News



