देहरादून: कृषि, उद्यान, गन्ना एवं राजस्व विभाग की समन्वय समिति के बैनर तले फील्ड कर्मचारियों ने सचिवालय कूच किया। इस दौरान डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने आवाज बुलंद कर शासन को चेताने का काम किया।
परेड ग्राउंड से सचिवालय तक कूच किया गया। जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फील्ड कार्मिकों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग करते हुए मांगों को मजबूती से उठाया।
कूच से पूर्व सचिव कृषि के निर्देश पर निदेशक उद्यान एवं कृषि विभाग द्वारा समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की गई। वार्ता के दौरान समिति द्वारा जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं को विस्तार से रखा गया। विभागीय अधिकारियों ने मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए कर्मचारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
कूच के बाद समन्वय समिति द्वारा सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह के माध्यम से मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने समिति की समस्याओं को गंभीरता से सुना। शीघ्र ही राजस्व परिषद के सक्षम स्तर पर समिति से वार्ता आयोजित कर समस्याओं के के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने को लेकर आश्वस्त किया।
समन्वय समिति ने आशा व्यक्त की है कि शासन स्तर पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए कार्मिकों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान किया जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए समिति ने शासन को 15 दिन का समय दिया है।
कूच का संचालन राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण पांडे की देखरेख में किया गया। इस दौरान रविंद्र चौहान, हर्षदेव जोशी, पिंकेश रावत, समिति के मुख्य संयोजक शुभम आर्य, अर्जुन सिंह परवाल, विजयपाल मेहता, सुरेश चंद्र डबराल, दिनेश प्रसाद सेमल्टी, हीरा बल्लभ जोशी, श्याम सिंह, कृष्णपाल चौहान, विजय कुमार, प्रांतीय अध्यक्ष देवेश घिल्डियाल, प्रांतीय महामंत्री मेजर सिंह चौहान, देवेंद्र सिंह असवाल सहित विभिन्न घटक संघों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
