Breaking News
Oplus_0

पीसी तिवारी बोले- सरकार के संरक्षण में भू माफिया कर रहे पहाड़ की जमीनों पर कब्जे, लोगों से की एकजुट होने की अपील

 

अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि पहाड़ में भूमाफियाओं की गतिविधियां लगातार बढ़ रही है। स्कूल, रिसोर्ट, बागवानी के नाम पर सैकड़ों नाली जमीन भूमाफियों को सौंपी जा रही है। ऐसे लोगों को सरकार का पूरी तरह संरक्षण मिल रहा है। जिसका सबसे बड़ा प्रत्यक्ष उदाहरण हवालबाग के डांडा कांडा स्थित प्लीजेंट वैली फाउंडेशन है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन पार्टी ऐसे भूमाफियाओं के खिलाफ लगातार लड़ाई लड़ रही है और यह लड़ाई आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने प्रदेश की जनता से भी उत्तराखंडी अस्मिता की रक्षा व जमीनों की लूट के खिलाफ एकजुट होने की अपील की है।

नगर के एक होटल में मंगलवार को प्रेस वार्ता में उपपा अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार का एक पूर्व अधिकारी शर्तों के विपरीत करीब डेढ़ दशक से डांडा कांडा में सरकारी भूमि पर कब्जा किया हुआ था। उपपा व तमाम संघर्षशील लोगों के प्रयासों से अवैध रूप से कब्जाई गई 86 नाली भूमि सरकार के पक्ष में जब्त हो चुकी है। न्यायालय असिस्टेंट कलेक्टर प्रथम श्रेणी जयवर्धन शर्मा के स्तर पर यह फैसला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि डांडा कांडा में हुए भूमि के इस घोटाले में सरकारों, राजनीतिक पार्टियों व कई प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत रही। उन्होंने ऐसे सभी दोषी लोगों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

तिवारी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 14 साल से एक दबंग सरकारी भूमि पर गैर कानूनी रूप से कब्जा किया हुआ था। लेकिन इतने सालों में न तो सरकार ने सुध ली। स्थानीय सांसद व विधायक के मुंह से भी एक शब्द नहीं निकला। सभी मामले में चुप्पी साधे रहे। उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी से कब्जाई भूमि को सरकार को नियत करने में 14 साल क्यों लगे, यह भी एक बड़ा सवाल है। राज्य की जनता को इसमें सोचने की जरूरत है।

तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड में आज भूमाफियाओं द्वारा जमीनों की खुली लूट की जा रही है। इससे पहले चितई में बागवानी के नाम पर 108 नाली भूमि पर कब्जा किया गया था। फलसीमा में भी दबंगों ने जमीनों की लूट की कोशिश की। अल्मोड़ा में कई जगहों पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे हुए है। लेकिन सरकार का बुलडोजर इन जगहों पर चलने के बजाय गरीबों व असहाय लोगों के घर पर चल रहा है।

उपपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमालयी राज्य उत्तराखंड में अवैज्ञानिक तरीके से हो रहे निर्माण कार्यों से आज पूरा राज्य तबाही के कगार पर है। जोशीमठ शहर की स्थिति आज सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि जोशीमठ एक महत्वपूर्ण शहर है। अगर वहां पर एनटीपीसी को विस्फोट करने की अनुमति दी जाती है, तो इससे हिमालय व उत्तराखंड का विनाश होगा। उन्होंने कहा कि सरकार कंपनी व ठेकेदार के हितों का ध्यान रखने के बजाय जनता का ख्याल रखें।

उपपा अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि परिवर्तन पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों के लिए हमेशा सक्रिय रही है और आगे भी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने प्रदेश की तमाम राजनीतिक, सामाजिक ताकतों से अपील करते हुए कहा कि राज्य का अस्तित्व बचाने के लिए वह जमीनों, प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए एकजुट हो और राज्य में विकास के नाम पर हो रहे विनाशकारी निर्माण कार्यों के खिलाफ अपनी आवाज उठाए और सरकार पर दबाव बनाए।

प्रेस वार्ता में उपपा के केंद्रीय महासचिव नारायण राम, नगर अध्यक्ष हीरा देवी, एड भारती, एड जीवन चंद्र, राजू गिरी, दीपांशु आदि मौजूद रहे।

Check Also

Operation Sindoor:: भारतीय सेना ने लिया पहलगाम का बदला, 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक, नाम- ऑपरेशन सिंदूर

इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क:: पहलगाम हमले के जबाव में भारतीय सेना ने कार्रवाई शुरू कर …

preload imagepreload image
00:18