अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएस) का 102 वां स्थापना दिवस शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। अतिथियों द्वारा मंडुवा की प्रजाति वीएल मंडुवा 409 का लोकार्पण तथा संस्थान के प्रकाशनों का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय उर्वरक संघ, नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. सुरेश कुमार चौधरी ने संस्थान के संस्थापक पदम भूषण प्रो. बोशी सेन को नमन करते हुए सभी को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि वैदिक काल में कृषि छोटी थी, समय के साथ खेती के आयाम परिवर्तित हुए हैं।
टिकाऊ खेती पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि 1971 में देश का 70 प्रतिशत क्षेत्रफल वर्षाश्रित तथा 30 प्रतिशत सिंचित था, जो अब 60 प्रतिशत वर्षाश्रित तथा 40 प्रतिशत सिंचित हो गया है। उन्होंने हिमालयी पारिस्थतिकी पर कृषि तथा पशुपालन विकास पर बल दिया। उनके अनुसार आज के परिदृश्य में कृषि की पारंपरिक विधियों को संरक्षित करना अत्यन्त आवश्यक है। उनके अनुसार पर्यावरण परिवर्तन के मध्येनजर कृषि में बदलाव की आवश्यकता है।
विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान, जोधपुर के पूर्व निदेशक डॉ. ओपी यादव ने संस्थान को अद्वितीय बताया और कहा कि संस्थान ने चुनौतियों को अवसर में बदलने के क्षेत्र में एक अनुकरणीय कार्य किया है।
रामकृष्ण कुटीर के अध्यक्ष स्वामी ध्रुवेशानन्द ने कहा विज्ञान और धर्म एक दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने संस्थान को नये अनुसंधानों हेतु बधाई दी तथा संस्थान की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की।
विशिष्ट अतिथि एसएसजे विवि के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा यह एक ऐसा संस्थान है जो आध्यात्म एवं कृषि शोध का संगम है। संस्थान के शोध सलाहकार समिति के सदस्य डॉ एसके दूबे ने कहा कि यह संस्थान के प्रत्येक कार्मिक का कर्तव्य है कि वे संस्थान की प्रगति में मिलजुल कर सहयोग करें।
रक्षा कृषि अनुसंधान प्रयोगशाला के पूर्व निदेषक डॉ एमसी जोशी ने कहा यह एक ऐसा संस्थान है जहां देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू तथा देश की भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा भ्रमण कर यहां पर्वतीय कृषि पर हो रहे शोध के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा विकसित संकर मक्का प्रजाति वीएल मक्का 54 की सराहना देश के प्रथम राष्ट्रप्रति डॉ राजेन्द्र प्रसाद द्वारा की गयी।
संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मीकांत ने प्रो. बोसी सेन को नमन करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया गया तथा सभी को संस्थान द्वारा विगत वर्ष में किये गये क्रिया-कलापों अवगत कराया। उन्होंने विगत वर्ष के दौरान संस्थान की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की प्रस्तुति दी। संस्थान द्वारा चलायी जा रही विभिन्न परियोजनाओं जैसे एससीएसपी, एनईएच एवं टीएसपी के माध्यम से कृषकों के लाभान्वित होने की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर प्रगतिशील कृषकों को सम्मानित किया गया। संचालन वैज्ञानिक डॉ अनुराधा भारतीय एवं डॉ. प्रियंका खाती ने किया। धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित डॉ. निर्मल कुमार हिडाऊ ने किया।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, महापौर अजय वर्मा, डॉ अमित पाण्डे, डॉ. संजीव कुमार जोशी, डॉ जेके बिष्ट सहित कई लोग मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News