Breaking News
Oplus_131072

एक विवाह ऐसा भी: पीपल बना दूल्हा, वट वृक्ष दुल्हन… जानिए अल्मोड़ा में हुई इस अनोखी शादी के बारे में

अल्मोड़ा। जिले में पीपल-वट (बरगद) की अनोखी शादी हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दो पेड़ एक दूजे के हुए। मंगलगीत गाए गए। बैंडबाजा, ढोल दमाऊं की थाप और डीजे पर बारातियों ने जमकर नृत्य किया। बच्चो से लेकर बूढ़े तक सभी इस अनोखी शादी के गवाह बने।

 

सनातन परंपराओं के अनुसार मंगल गीतों के बीच पुरोहित ने मंत्र उच्चारण कर फेरे कराए। बैंड और ढोल की थाप पर नाचते गाते बराती, आतिशबाजी, हल्दी मेहंदी सहित कई रीति रिवाज के साथ धूमधाम के साथ शादी समारोह आयोजित किया गया।

 

यह अनोखी शादी अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत सैनोली में हुई। प्राथमिक स्कूल सैनोली की शिक्षिका कला बिष्ट ने वर्ष 2011 में लोक पर्व हरेले के दिन गांव में पीपल और वट के पौधे रोपित किए थे। 15 वें साल में दोनों वृक्षों का विवाह कराया गया पीपल का पेड़ दुल्हा और वट का पेड दुल्हन बनी।

 

बहादुर सिंह और उनकी पत्नी चंपा देवी ने कन्यादान किया। वर पक्ष की ओर से पान सिंह और शांति देवी बारात लेकर पहुंचे। पुरोहित देवी दत्त जोशी और गिरीश चंद्र जोशी ने मंत्रोच्चार के बीच वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराया। जयमाला होते ही लोगों ने वर और वधु बने पेड़ों पर पुष्प वर्षा की।

 

बैंड और डीजे की धुन पर बारातियों और घरातियों ने जमकर ठुमके लगाए। बच्चे लेकर बूढ़े तक इस शादी में शामिल हुए। छोलिया नृत्य की धूम रही। महिलाओं ने झोड़ा गायन किया। शादी में पूड़ी, चावल, रायता समेत विभिन्न प्रकार के व्यंजन भी बनाए गए थे।

 

वृक्षों को दुल्हा-दुल्हन की तरह सजाया गया

अल्मोड़ा। विवाह से पूर्व मेहंदी, हल्दी की रस्म हुई। इसके बाद विवाह के लिए पीपल के पेड़ को दूल्हा और वट के पेड़ को दुल्हन की तरह सजाया गया था। समधी मिलन समारोह भी हुआ। जिस प्रकार से इंसानों की शादी होती है, ठीक इसी तरह से विधि विधान के साथ पीपल और वट वृक्ष की शादी कराई गई।

 

 

विधायक सहित कई गांवों के लोग बने अनोखी शादी के साक्षी

अल्मोड़ा। पेड़ों की इस अनोखी शादी के लिए विधायक सहित कई गांव के लोगों को आमंत्रण भेजकर बुलाया गया। शादी में शामिल होने के लिए चौकुना, सिल्पड़, भाबू, नौगांव, दाड़िमी, सीम, बरम, मझाऊं, थामथोली, खड़ियानौली, बाराकोट, नौगांव, बिरखम, पुभाऊं से काफी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान वहां विधायक मोहन सिंह मेहरा, प्रधान विमला देवी, प्रधान चौकुना नाथ सिंह धानक, राजन सिंह, तारा सिंह, पान सिंह, गंगा सिंह, भगवती देवी, आनंदी देवी, नंदी देवी, गंगा देवी आदि मौजूद रहे।

 

क्षेत्र पंचायत सदस्य चौकुना राजेंद्र सिंह धानक उर्फ राजू ने कहा, पीपल (विष्णु/ब्रह्मा प्रतीक) और वट (शिव प्रतीक) की शादी एक पवित्र आध्यात्मिक और पर्यावरण-संरक्षण अनुष्ठान है। इसे हरिशंकरी का विवाह भी कहा जाता है। इसे करने से सुख-समृद्धि, लंबी आयु और संतान प्राप्ति की मान्यता है।

 

प्राथमिक स्कूल सैनोली की शिक्षिका कला बिष्ट ने कहा यह परंपरा लोगों को वृक्षों के प्रति जागरूक करने और पर्यावरण के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण है। आज जिस तरह से पेड़ों का कटान हो रहा है वह चिंताजनक है। धरा को हरा भरा रखने के लिए पेड़ों को बचाना जरूरी है।

Check Also

high court

बड़ी खबर: प्राइमरी शिक्षकों की काउंसिलिंग मामला पहुँचा हाइकोर्ट, लापरवाही पर कोर्ट सख्त, दिए यह निर्देश

नैनीताल: हाईकोर्ट ने सहायक अध्यापक (प्राइमरी) भर्ती प्रक्रिया के लिए हुई काउंसिलिंग में अभ्यर्थियों को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *