हल्द्वानी: हल्द्वानी के मंडी क्षेत्र में हुई दो लोगों की हत्या मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घटना में शामिल 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
देर शाम मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को हल्द्वानी बड़ी मंडी क्षेत्र में 01 युवक तथा 01 युवती के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण व भौतिक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई।
एसएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टिया पत्थर से कुचलकर हत्या का मामला होना प्रकाश में आया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए वे स्वयं घटनास्थल गए। हत्या के सभी पहलुओं एवं साक्ष्यों का बारीकी से अध्ययन किया तथा विशेष टीम गठित कर घटना के त्वरित अनावरण के निर्देश दिए गए।
मृतकों के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों से सम्पर्क कर शिनाख्त की कार्यवाही के दौरान मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चन्द्र पोखरिया, निवासी ग्राम मल्ली पोखरी ओखलकांडा नैनीताल के रूप में हुई।
एसएसपी ने बताया कि मृतका के परिजन सुरेश चन्द्र पोखरिया की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 103 (1) BNS के अन्तर्गत केस दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ जगदीश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के विभिन्न पहलुओं, भौतिक साक्ष्य के आधार पर सीसीटीवी सर्विलांस, मैनुअल इंटेलिजेंस तथा सुरागरसी पतारसी के आधार पर सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
ये रही हत्या की वजह
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया की वे सभी साथ में बैठकर शराब पी रहे थे, इसी दौरान आरोपी लक्ष्मी के साथ छेड़खानी करने लगे जिस पर शुभम तथा लक्ष्मी ने विरोध किया। आपसी लड़ाई झगड़े में उन्होने शुभम की हत्या कर दी। घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियो ने लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया तथा पहचान छिपाने के लिए दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए।
इन्हें किया गिरफ्तार
1. गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर पुत्र स्व0 उमेश सिंह निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष
2. सौरभ भट्ट उर्फ भटिया पुत्र विनोद चन्द्र भट्ट निवासी तीनपानी खन्ना फार्म डी क्लास बरेली रोड हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष
3. दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव पुत्र स्व0 नन्हू लाल शर्मा निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष
4. दीपेश लटवाल उर्फ राज पुत्र बहादुर सिंह लटवाल निवासी उत्तरांचल विहार बड़ी मुखानी पीलीकोठी हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष,
एसएसपी ने बताया कि आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कु ठाकुर एक आदतन अपराधी है जिसके विरूद्ध कोतवाली हल्द्वानी में पूर्व में 11 मुकदमें दर्ज है। जबकि आरोपी दीपेश लटवाल के विरूद्ध थाना मुखानी में 3 मुकदमे दर्ज है।
एसएसपी ने मामले का अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 2500 रुपये नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। साथ ही कड़ा संदेश देते हुए कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों की समाज में कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ऐसे लोगों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News