अल्मोड़ा: 21 फरवरी से शुरू हो रही उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। डीएम ने सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने कहा कि परीक्षा अवधि में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की नकल या अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में प्रश्नपत्रों की सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था, सीसीटीवी की कार्यशीलता, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षाएं पूर्ण अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएं, ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध हो सके। बैठक में सीडीओ रामजी शरण शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News