नैनीताल: दिल्ली से नैनीताल घूमने आ रही युवती के साथ नशे में धुत टैक्सी चालक ने अपहरण कर उसके साथ छेड़खानी करने के साथ ही दुराचार का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट भी की।
युवती ने जंगल में सड़क किनारे कलमठ में छिपकर जान बचाई। रात के अंधेरे में युवती नहीं मिली तो टैक्सी चालक फरार हो गया।
युवती शुक्रवार सुबह एक स्थानीय महिला की मदद से पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने अज्ञात टैक्सी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिला अस्पताल में युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली निवासी युवती रात करीब 12 बजे हल्द्वानी से नैनीताल आ रही थी। युवती टैक्सी में अकेली थी। नैनीताल से करीब 12 किलोमीटर दूर हल्द्वानी रोड पर टैक्सी चालक ने कार हाईवे के बजाय आडूखान को जाने वाली लिंक रोड की ओर से मोड़ दी और आगे जाकर रोक दी। उसने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी व दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
युवती ने इसका विरोध किया तो उसने युवती के साथ मारपीट की। युवती डर से जंगल की ओर भाग गई। शोर मचाने पर टैक्सी चालक फरार हो गया। घटना के बाद डरी युवती ने पूरी रात जंगल में बिताई।
शुक्रवार सुबह आडूखान की एक महिला जब नैनीताल की ओर से आ रही थी तो युवती की नजर उस पर पड़ गई। महिला ने उसे थाने पहुंचाया। युवती की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
India Bharat News Latest Online Breaking News




