अल्मोड़ा: नगर निगम के पर्यावरण मित्रों की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई है। इस संबंध में पर्यावरण मित्रों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अंशुल सिंह से भेंट कर अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
पर्यावरण मित्रों और नगर निवासी एक व्यक्ति के बीच पिछले दिनों सफाई को लेकर विवाद शुरू हो गया था। पर्यावरण मित्रों द्वारा एक व्यक्ति पर उनका उत्पीड़न किए जाने और अभद्रता करने के आरोप लगाएं थे। इस मामले में देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ द्वारा निगम प्रशासन से शिकायत की गई थी।
शिकायत का संज्ञान नहीं लेने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित पर्यावरण मित्र निगम परिसर में धरने पर डटे थे। और शुक्रवार यानि 13 मार्च से हड़ताल शुरू कर दी थी। जिसके बाद आज नगर में सफाई व्यवस्था ठप रही। और जगह जगह कूड़े के ढेर लगे रहे।
जिलाधिकारी ने नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण मित्र नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन की ओर से सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर महापौर अजय वर्मा तथा नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा की मौजूदगी में उत्तराखंड देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ के महामंत्री एवं मुख्य पर्यावरण पर्यवेक्षक राजपाल पंवार ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की है।
महापौर अजय वर्मा ने कहा कि नगर की स्वच्छता नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को नगर के संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि खुले में कूड़ा डालने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। डीएम ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें, खुले में कूड़ा न डालें तथा पर्यावरण मित्रों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखें।
India Bharat News Latest Online Breaking News