अल्मोड़ा। कैबिनेट और शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा विस सत्र के दौरान पर्वतीय मूल की जनता पर की गई टिप्पणी का विरोध थम नहीं रहा है। कांग्रेस इस मामले में लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर है। सल्ट के मरचूला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विस अध्यक्ष ऋतु खंडूरी और राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का पुतला फूंका और जमकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान पूर्व जिपं सदस्य कांग्रेस नेता नारायण सिंह रावत ने कहा 42 शहादत व जनता के लंबे संघर्ष के बाद उत्तराखंड राज्य मिला है। संसदीय मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा पहाड़ के लोगों और द्वाराहाट से कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट को लेकर जिस तरह का अमर्यादित बयान दिया गया वह उनकी पहाड़ विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विस अध्यक्ष ऋतु खंडूरी सत्र के दौरान अपने पद का कर्तव्य भूलकर विपक्षी विधायकों को तो अनुशासन का पाठ पढ़ा रही थीं लेकिन पहाड़ के लोगों को गाली देने वाले भाजपा विधायकों के लिए उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला।
ब्लाक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा के विधायक सत्ता के नशे में चूर हैं। मुख्यमंत्री से लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और उनके सभी नेता गलत बयानबाजी करने वाले अपने नेताओं का समर्थन कर रहे है। उन्होंने कहा कि मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विस अध्यक्ष ऋतु खंडूरी और महेंद्र भट्ट अपने पदों से इस्तीफा देने तक विरोध जारी रहेगा।
यहां वन पंचायत सरपंच संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनानंद शर्मा, मोहन शर्मा, राम किशन बचखेती, केशव दत्त भारद्वाज, अनूप राम सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Oplus_131072
India Bharat News Latest Online Breaking News