Breaking News
Oplus_131072

Almora:: खटीमा गोलीकांड के शहीदों को किया याद, उत्तराखंडी अस्मिता की रक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान

अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान खटीमा, मसूरी और मुजफ्फरनगर में हुए दमन और गोलीकांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों की स्मृति में सोमवार को गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। भारी वर्षा के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र- छात्राओं, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और शहीदों को नमन किया। इस दौरान अंतर्जातीय विवाह करने पर भिकियासैंण में जगदीश आर्य की हुई निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

सभा को संबोधित करते हुए उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के 25 वर्षों में जो सरकारें सत्ता में रहीं, उन्होंने इस राज्य की अवधारणा, अस्मिता और प्राकृतिक संसाधनों को निर्ममता से नुकसान पहुँचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की कठपुतली सरकारों ने पूंजीपतियों, माफियाओं और बड़ी कंपनियों को संरक्षण देकर जल, जंगल और जमीन की खुली लूट को बढ़ावा दिया। विकास के नाम पर अपनाई गई नीतियों ने उत्तराखंड को विनाश के कगार पर ला खड़ा किया है।

 

तिवारी ने कहा कि राज्य आज बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के दलदल में फंस चुका है। स्थायी सरकारी नौकरियों को समाप्त कर लाखों युवाओं को ठेके और मानदेय पर निर्भर रहने को मजबूर किया गया है। खेती-किसानी को उपेक्षा और जंगली जानवरों की मार से चौपट कर दिया गया है, जिससे गांव खाली हो रहे हैं और पलायन की समस्या और गंभीर हो गई है। अनियोजित विकास परियोजनाओं ने हिमालयी पारिस्थितिकी को गंभीर खतरे में डाल दिया है, जिसका दुष्परिणाम हम आए दिन आपदाओं के रूप में देख रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं दुर्दशा की शिकार हैं और इन्हें बाजार के हवाले कर संविधान प्रदत्त समानता के अधिकार का हनन किया गया है।

सभा में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि शहीदों का सपना सिर्फ राज्य बनाना नहीं था, बल्कि एक समावेशी, न्यायपूर्ण और स्वाभिमानी उत्तराखंड का निर्माण करना था। सभा में उपस्थित जनसंगठनों ने एक सुर में उत्तराखंड की जनता से आह्वान किया कि वे राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों की पुनर्स्थापना, उत्तराखंडी अस्मिता की रक्षा और सामाजिक-राजनीतिक परिवर्तन के लिए संगठित होकर संघर्ष के एक नए चरण की शुरुआत करें। यह भी संकल्प लिया गया कि शहीदों के सपनों को मंज़िल तक पहुंचाने के लिए जनजागरण और जनसंगठन की ताकत को फिर से खड़ा किया जाएगा।

 

सभा को उपपा की केंद्रीय उपाध्यक्षा आनंदी वर्मा, एड नारायण राम, एड विनोद चंद्र तिवारी, डॉ जे सी दुर्गापाल, प्रेम चंद्र, ममता जोशी, भावना पांडे, चिंतामणि भट्ट, उछास की नीमा आर्या, सोनी मेहता, हेमा आदि ने संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता केंद्रीय उपाध्यक्ष समिति आनंदी वर्मा ने की तथा संचालन एडवोकेट नारायण आर्य ने किया।

 

यहां बसंत सिंह खनी, ममता बिष्ट, किरन आर्या, पूजा, राजू गिरी, चंदन सिंह, मोहम्मद वसीम, गोपाल सिंह गैड़ा, दीपांशु पांडे, राकेश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

 

 

 

Check Also

शिक्षा विभाग में अनुरोध के आधार पर होंगे स्थानांतरण

-विभागीय अधिकारियों को जिलोें से शीघ्र प्रस्ताव मांगने के दिए निर्देश -कहा, एकल शिक्षक के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *