रामनगर: उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाले लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है। बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट घोषित करने की तिथि तय हो चुकी है।
बोर्ड सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने बताया कि आगामी 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे नतीजे घोषित किए जाएंगे। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती की मौजूदगी में यह परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।
सिमल्टी ने बताया कि इस बार छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था भी लागू की गई है। जिसमें सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड दिए जाएंगे। जिससे छात्र अपने स्कूल में ही आसानी से रिजल्ट देख सकेंगे। इसके अलावा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी परिणाम उपलब्ध रहेगा।
इस बार परीक्षा प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरी की गई। खास बात यह रही कि पहली बार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से कराई गई, जिससे छात्रों को काफी सहूलियत मिली।
उन्होंने बताया कि इस साल हाईस्कूल में 1 लाख 12266 और इंटरमीडिएट में 1 लाख 2986 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह कुल 2 लाख 15252 परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी है, जो अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
परीक्षा कार्यक्रम भी इस बार तय समय के अनुसार ही संपन्न हुआ। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच कराई गई। जबकि लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होकर 20 मार्च तक चलीं। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की गईं थी।
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेशभर में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें 50 एकल केंद्र और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। वहीं 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया था। टिहरी गढ़वाल में सबसे ज्यादा 136 केंद्र बनाए गए, जबकि चंपावत में सबसे कम 44 केंद्र रहे।
इस घोषणा के बाद अब छात्रों और अभिभावकों की नजरें 25 अप्रैल पर टिकी हैं। इंतजार अब खत्म होने वाला है और रिजल्ट का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर देख सकते हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News