द्वाराहाट (अल्मोड़ा): द्वाराहाट में स्वीकृत केन्द्रीय विद्यालय को इसी सत्र से संचालित किए जाने की मांग को लेकर केन्द्रीय विद्यालय जन एकता मंच के तत्वावधान में त्रिमूर्ति चौक पर आमरण अनशन जारी है। भुवन चन्द्र लहरी का आमरण अनशन तीसरे दिन जारी है।क्रमिक अनशन पर किशन सिंह राणा बैठे हैं।
आन्दोलनकारियों ने मंगलवार को तहसील घेराव कर वहां धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए द्वाराहाट की उपेक्षा का आरोप लगाया व उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि भारत सरकार द्वारा 6 दिसम्बर 24 को द्वाराहाट में केन्द्रीय विद्यालय की स्वीकृति दी थी। लेकिन आज तक यह संचालित नहीं हो पाया है। जिसको लेकर द्वाराहाट की जनता 11 अप्रैल से त्रिमूर्ति चौक पर क्रमिक अनशन व 22 अप्रैल से आमरण अनशन पर बैठी है। लेकिन शासन प्रशासन द्वारा मामले की कोई सुध नहीं ली जा रही है। जिससे क्षेत्रवासियों का धैर्य जबाब दे रहा है।
ज्ञापन में खुली चेतावनी दी गई है कि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनता उग्र आंदोलन को बाध्य होगी। जिसके तहत समस्त सरकारी, अर्धसरकारी कार्यालय, सरकारी विद्यालय, बाजार बंद करने सहित चक्का जाम किया जाएगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
वक्ताओ ने कहा कि द्वाराहाट के साथ ही कोटद्वार में स्वीकृत हुए केन्द्रीय विद्यालय का जुलाई 2025 से संचालन हो गया है। लेकिन द्वाराहाट में भूमि हस्तांतरण आदि समस्याओं के बहाने को लेकर शासन प्रशासन की हीला हवाली से मामला अधर में लटका है। जिससे क्षेत्रवासियों में शासन प्रशासन की कार्यप्रणाली पर खासा रोष है।
तहसील घेराव कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष विनोद जोशी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नन्दिता भट्ट, पूर्व प्रमुख दीपक किरौला, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या, नन्दन सिंह अधिकारी, नवीन मैनाली, हिमांशु जोशी, रेखा आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य वन्दना लहरी, गोविन्द अधिकारी, हरिदत्त फुलारा, भगवान दास साह, उमेश भट्ट, हेम मठपाल, हिम्मत सिंह नेगी, गणेश काण्डपाल सहित भारी संख्या में व्यवसाई मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News