घटना के बाद इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक दिल को दहला देने वाली खबर है। बारासगवर इलाके में रविवार की देर रात एक युवक का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आए पति ने पत्नी और 4 महीने की बेटी को कुल्हाड़ी से काट डाला। दोनों की हत्या के बाद उसने खुद की भी जान ले ली।
बारासगवर इलाके में रूदीखेड़ा गांव निवासी मोहन(32) पुत्र श्यामपाल की शादी भगवंत नगर इलाके के नरेंद्रपुर गांव की रहने वाली सीमा के साथ हुई थी। सीमा और मोहन की 4 महीने की एक बेटी भी थी।
पुलिस के अनुसार रविवार की रात श्यामपाल खाना खाने के बाद पास में हो रहे देवी जागरण में चले गए। घर में उनका बेटा और बहू थे। रात में किसी बात को लेकर पति और पत्नी में विवाद हो गया। इससे गुस्साए पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी और मासूम बेटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इसके बाद मोहन ने भी जान दे दी।
चीखने चिल्लाने की आवाज सुन पड़ोसी मौके पर वहां पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था, लोग किसी तरह दरवाजा तोड़ कर घर के अंदर दाखिल हुए। अंदर का नजारा देख वह दंग रह गए। कमरे में सीमा और उनकी बेटी का खून से सना शव पड़ा था। मोहन की लाश मिली।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्यारोपी मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।
हमसे व्हाट्सएप पर जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/
India Bharat News Latest Online Breaking News