अल्मोड़ा: एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आपा खोए ग्रामीण ने पड़ोसी के परिवार पर लाइसेंसी बंदूक से फायर झोंक दिए। घटना में पति, पत्नी और बेटा घायल हो गए हैं। परिजनों ने तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला धौलछीना थाना क्षेत्र के मंगलता गांव का है। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार शाम आरोपी राजू नेगी अपने घर की छत पर खड़ा होकर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी अर्जुन सिंह चम्याल (55) वहां पहुंचे। उन्होंने राजू नेगी को गाली गलौज करने पर टोका। दोनों के बीच तीखी नोक झोंक शुरू हो गई।
विवाद बढ़ता देख अर्जुन सिंह की पत्नी दीपा और उनका 17 वर्षीय पुत्र मंजीत भी बीच-बचाव करने मौके पर पहुंच गए। तैश में आकर राजू नेगी अपनी लाइसेंसी बंदूक उठा लाया और परिवार पर तीन राउंड गोलियां दाग दीं। छर्रे लगने से अर्जुन सिंह, उनकी पत्नी दीपा और बेटा मंजीत लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। गोली चलने की आवाज से गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेराघाट पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। गनीमत रही कि छर्रे लगने से आई चोटें जानलेवा नहीं थीं और प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को छुट्टी दे दी गई है।
ग्रामीणों ने बताया करीब 10 वर्ष पहले ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में भी इसी व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से विपक्षियों पर वार करने की नीयत से फायर किया था, लेकिन तब उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
112 पर सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धौलछीना सुनील कुमार बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजू नेगी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी हथियार को भी कब्जे में लेने की प्रक्रिया चल रही है।
घायल अर्जुन सिंह के भाई ने थाना धौलछीना में तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
India Bharat News Latest Online Breaking News




