इंडिया भारत न्यूज डेस्क: जिंदगी को ठोकर मार कर मौत की आगोश में सो जाने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। विचलित करने वाली बात यह है कि पढ़े-लिखे युवा व किशोर आत्महत्या की ओर तेजी से बढ़ रहे है। कुमाऊं के बागेश्वर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 18 वर्षीय युवक ने बहन के दुपट्टे से फंदा बनाकर अपने कमरे में पंखे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बीती रात उठाया आत्मघाती कदम
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 2 बजे एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोल युवक को फंदे से नीचे उतार अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले युवक दम तोड़ चुका था। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पढ़ाई के लिए बागेश्वर आया था परिवार
कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि मृतक मूल रूप से रीमा क्षेत्र का रहने वाला था। युवक व उसका परिवार पढ़ाई के लिए कुछ समय पहले ही जिला मुख्यालय आया था। वर्तमान में मृतक के परिजन कठायतबाड़ा में रहते है।
आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही पुलिस
युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, अभी इसके कारण पता नहीं लग पाए है। मृतक के पंचायतनामा की कार्यवाही चल रही है। कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही आत्महत्या के कारण मालूम चल पाएंगे।
India Bharat News Latest Online Breaking News