देहरादूनः प्रदेश में वर्ष 2021 में पुलिस कांस्टेबल के पदों पर हुई भर्ती के बाद रिक्त रहने वाले 180 पदों के लिए वेटिंग लिस्ट जारी हो सकती है। शासन ने इसके लिए पुलिस मुख्यालय को नई भर्ती से संबंधित अधियाचन वापस मंगाने को कहा है।
प्रदेश में वर्ष 2021 में पुलिस कांस्टेबल के 1521 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई। मई 2023 में इसके परिणाम घोषित किए गए। परिणाम जारी होने के बाद 180 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों ने ज्वाइनिंग नहीं दी। इस बीच प्रदेश सरकार ने एकल संवर्ग के पदों में वेटिंग लिस्ट जारी करने संबंधी आदेश निकाला। इस आदेश का लाभ कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में पहले चरण में चयनित होने से रह गए अभ्यर्थियों को मिल सकता है।
भाजपा नेता रविंद्र जुगरान ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर रिक्त पदों के सापेक्ष वेटिंग लिस्ट जारी करने का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपर मुख्य सचिव गृह राधा रतूड़ी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
India Bharat News Latest Online Breaking News