अल्मोड़ाः कांग्रेस के बैंक अकाउंट फ्रीज करने के मामले में अब सियासत गरमा गई है। शनिवार को जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व पोखरखाली स्थित इनकम टैक्स दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुवे कहा कि भाजपा के इशारे पर विपक्ष को दबाने व लोकतंत्र को कुचलने के इरादे से यह कार्य किया गया है।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को आर्थिक तौर पर कमजोर करने के लिए पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए हैं। उन्होंने इसे संवैधानिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि कांग्रेस का अकाउंट फ्रीज करने का जो काम किया गया है वह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा कि मुख्य विपक्षी दल को चुनाव में जाने से पहले परेशान करना कहां तक उचित है, इसका जवाब भी जनता ज़रूर देगी।
भोज ने कहा कि सबसे ज़्यादा चंदा बीजेपी के पास आ रहा है, तब आयकर विभाग बीजेपी की तरफ़ खुली आँखों से देखने की हिम्मत भी नहीं कर रहा है। कांग्रेस को परेशान करने की नीयत से रोज़ नया षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने क्राउडफंडिंग के जरिए जो पैसा जमा किया गया है, इन पैसों का ज्यादातर हिस्सा 100 रुपए तक की धनराशि के रूप में इंटरनेट बैंकिंग से कांग्रेस को डोनेट किया गया है। यानी ये पैसे किसी उद्योगपति या पूंजीपति द्वारा दान नहीं किए गये हैं, बल्कि आम जनता का देश के निर्माण के लिए दिया हुआ छोटा सहयोग है।
भोज ने कहा कि देश की जनता समझ रही है कि उद्योगपतियों के पैसों पर चलने वाली बीजेपी के लिये कोई नियम क़ानून नहीं हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए गलत तरीके से अपने बैंक खातों को भरने वाली भाजपा कांग्रेस पार्टी को रोकने के लिए ऐसी हरकतें करेगी, ये किसी ने सोचा नहीं था।
भोज ने कहा कि जहां कई विपक्षी दल बीजेपी की शरण में जाकर आत्म और आत्मा का समर्पण कर चुके हैं। वही, बीजेपी की तानाशाही और बर्बरता के खिलाफ कांग्रेस लोकतंत्र को जीवित रखने की लड़ाई पूरे दमख़म से लड़ रही है और यही बात भाजपा को अखर रही है।
धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज के अलावा नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर पांडे, जिला उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, राजेंद्र बोरा, जिला महामंत्री गीता मेहरा, दिनेश पिलख्वाल, बी के पांडे, रमेश लटवाल, सुनील कर्नाटक, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, ललित सतवाल, जिलाध्यक्ष पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ अरविंद रौतेला, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष संजू सिंह, जिला प्रवक्ता निर्मल रावत, एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रुचि कुटोला, एनएसयूआई प्रदेश महासचिव बाल विक्रम सिंह रावत, पवन मेहरा, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, दानिश खान, अमित बिष्ट, संजय कुमार, हेमा जोशी, मुन्नी पांडे, राधा राणा, पदमा गैड़ा, खष्टी बिष्ट, आशा पांडे, मधु आर्या, गोविंद मेहरा, नितिन रावत, दीपेश कांडपाल आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News


