अल्मोड़ा। नगर समेत अल्मोड़ा विधानसभा की बदहाल सड़कों को लेकर विधायक मनोज तिवारी ने लोनिवि के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक मनोज तिवारी ने अपने कई समर्थकों के साथ निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। जहां प्रदेश सरकार व विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विधायक मनोज तिवारी धरनास्थल पर भाजपा सरकार व विभागीय अधिकारियों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों समेत पूरी विस की सड़कें गड्ढों से पटी है। कई मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त है, जिससे सड़क हादसों का खतरा बना हुआ है। बार—बार सूचना देने के बाद विभागीय अधिकारी लगातार मामले में लापरवाही बरत रहे है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी आपदा में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों का आंगणन तैयार कर शासन को भेजे और सड़क के गड्डों को पाटने का काम करें।
जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा कि सड़कों का जाल बिछाने का दंभ भरने वाली भाजपा सरकार के नुमाइंदों को आज जमीनी हकीकत देखने की जरूरत है। जिला मुख्यालय में जब सड़कों का ये हाल है तो दूरस्थ ग्रामीण सड़कों की क्या स्थिति होगी। भाजपा शासन में नौकरशाही इतनी निरंकुश हो गई है कि अधिकारी जनता के प्रतिनिधि की बात को भी अनसुना कर रहे है। उन्होंने कहा कि जल्द सड़कों को गड्डामुक्त नहीं किया जाता तो कांग्रेस मजबूरन विभागीय अधिकारियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।
विधायक व कांग्रेसजनों के धरने के बाद हरकत में आए विभागीय अधिकारियों ने आगामी 27 सितंबर से शहर की सड़कों पर पैच मरम्मत का कार्य शुरू करने व 31 सितंबर तक विस क्षेत्र की सभी सड़कों को पैचलैस करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद विधायक ने अपना धरना समाप्त किया। विधायक ने कहा कि ऐसा नहीं हुआ तो वे आगे विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कठोर निर्णय लेने को मजबूर होंगे।
निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व दर्जामंत्री राजेंद्र बाराकोटी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पाण्डे, नगर अध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, अरविन्द रौतेला, लता तिवारी, हर्ष कनवाल, मनोज सनवाल, आनंद बगडवाल, दिनेश रावत, जिलाध्यक्ष युकां दीपक कुमार, गीता मेहरा शोभा जोशी, निर्मल रावत, जया जोशी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News