अल्मोड़ा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रदेशभर में भाजपा का सदस्यता अभियान जोर शोर के साथ चल रहा है। वे खुद प्रत्येक विधानसभा व मंडल स्तर तक जाकर अभियान की जानकारी ले रहे है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों व विधानसभाओं में इस बार सदस्यता का ग्राफ बढ़ा है। अभियान के पहले चरण 25 सितंबर तक लक्ष्य को 50 फीसदी तक पूरा कर लिया जाएगा।
सोमवार को पातालदेवी स्थित पार्टी कार्यालय में हुई सदस्यता अभियान की बैठक में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने पुष्प देकर स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने पदाधिकारियों से अभियान के तहत अब तक बनाए गए सदस्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हर बूथ पर जाकर समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों को सदस्यता देकर पार्टी से जोड़े। अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कार्यकर्ता अभियान के साथ सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन जन तक पहुंचाने का प्रयास करें।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनावों में बीजेपी का प्रदर्शन शानदार रहेगा। और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी 90 फीसदी नगर निगम व नगरपालिका पार्टी के पास थी। इस बार शत प्रतिशत जीत के प्रयास किए जाएंगे। वही, केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव पर भट्ट ने कहा कि पार्टी ने पूरी तैयारी कर ली है। भाजपा एक बार फिर से केदारनाथ विधानसभा में जीत का परचम लहराएगी।
बैठक में जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट, नगर अध्यक्ष अमित साह, सदस्यता अभियान के संयोजक प्रकाश भट्ट, सह संयोजक अरविंद बिष्ट, राजीव गुरुरानी, ललित लटवाल, गिरीश खोलिया, देवाशीष नेगी, प्रेम लटवाल, निर्मला जोशी, कैलाश गुरुरानी, बीना नयाल, मीना भैसोड़ा, जगत तिवारी, लीला बोरा, राजा खान, संजय बिष्ट, मंगल रावत, सलमान अंसारी समेत भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News