Breaking News

अल्मोड़ा-हल्द्वानी NH की बदहाली पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में किया धरना-प्रदर्शन

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग क्वारब के पास बद से बदतर स्थिति में पहुंच गया है। हाईवे की बदहाली पर कांग्रेस ने कड़ा रूख अख्त्यिार किया है। गुरुवार को विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने क्वारब के पास धरना प्रदर्शन कर सरकार को चेताने का काम किया। कांग्रेस ने केंद्र व प्रदेश सरकार के अलावा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री व स्थानीय सांसद पर इस गंभीर मामले की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। साथ ही शीघ्र पहाड़ी का ट्रीटमेंट कर स्थाई समाधान नहीं निकालने पर सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

धरनास्थल पर कांग्रेसजनों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आक्रोश व्यक्त किया। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे मैदान से पहाड़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। पिछले दो माह से क्वारब में बने डेंजर जोन से अल्मोड़ा-बागेश्वर के लोग सबसे अधिक प्रभावित हुए है। पर्यटन समेत अन्य कारोबार पर भी इसका असर पड़ रहा है। लेकिन भाजपा सरकार व उनके मंत्री समस्या की सुध नहीं ले रहे है। जिससे लगता है कि सरकार को अब जनहित की समस्या से कोई लेना देना नहीं रह गया है।

विधायक तिवारी ने कहा कि डोबा-चौसली मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए धनराशि स्वीकृति होने के बाद भी विभाग व जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण उसमें टेंडर नहीं लगा है। समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस जनता को साथ लेकर सड़कों पर उतरेगी।

जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा क्वारब के पास राहगीर जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को विवश है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि हाईवे की दशा दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है।यदि इसे गंभीरता से नहीं लिया गया तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते है।

धरना प्रदर्शन में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुशील साह, नगर अध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी, राधा बिष्ट, अरविंद रौतेला, यूकां जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, पूरन रौतेला, मनोज सनवाल, वैभव पांडेय, शोभा जोशी, दीपा त्रिपाठी, दीप डांगी, त्रिलोचन जोशी, देवेन्द्र विष्ट, महेश आर्या, एके अवस्थी, रजनी टम्टा, दीपा साह, अमन अंसारी, गोपाल गुरुरानी, रमेश लटवाल, अमरेश पवार, अमन अंसारी, शहाबुद्दीन समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Check Also

पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने किया उपवास, बीजेपी सरकार पर लगाए यह आरोप

अल्मोड़ा। राम सिंह धौनी राजकीय महाविद्यालय, जैंती के विज्ञान संकाय को गुप्तकाशी स्थानांतरित किए जाने …