Breaking News

पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने किया उपवास, बीजेपी सरकार पर लगाए यह आरोप

अल्मोड़ा। राम सिंह धौनी राजकीय महाविद्यालय, जैंती के विज्ञान संकाय को गुप्तकाशी स्थानांतरित किए जाने के विरोध में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने शुक्रवार को जैंती में 24 घंटे का उपवास किया। उनके साथ पूर्व ग्राम प्रधान जीत सिंह धानक, जिपं सदस्य प्रतिनिधि नवीन कोहली, युकां प्रदेश सचिव गोपाल महरा, ग्राम प्रधान कांडे भुवन गहरवाल, कांग्रेस जिला सचिव प्रदीप बिष्ट भी उपवास पर बैठे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज समेत कई कांग्रेसजन कुंजवाल ने उपवास कार्यक्रम को समर्थन देने के लिए जैंती पहुंचे।

जैंती के भारत माता मंदिर परिसर में हुए कार्यक्रम में पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि भाजपा सरकार शहीद नर सिंह धानक, टीका सिंह कन्याल की वीरभूमि जैंती की सिलसिलेवार उपेक्षा कर रही है। पहले वानिकी राज्यस्तरीय प्रशिक्षण संस्थान का शिफ्ट किया गया, फिर जैंती पॉलिटेक्निक कॉलेज में सिविल ट्रेड को बंद किया गया। और अब जैंती महाविद्यालय से विज्ञान वर्ग को सृजित पदों समेत गुप्तकाशी स्थानांतरित कर दिया गया है। शिक्षण संस्थानों को धीरे धीरे खत्म करने की साजिश करके भाजपा सरकार ने जैंती क्षेत्र की जनता का अपमान किया है।

कुंजवाल ने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री कोरी घोषणाएं करने क्षेत्र में आते हैं। और संस्थानों को समाप्त करने का शासनादेश पीछे पीछे ले आते हैं। स्थानीय विधायक को भी इन सभी सरोकारों से कोई लेना देना नहीं हैं। ऐसे सिलसिलेवार संस्थान जाने से क्षेत्र की जनता स्वयं को ठगा महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए की वह जरूरी सुविधाओं को पूरा कर विज्ञान संकाय को जैंती महाविद्यालय में संचालित करें।

जिलाध्यक्ष कांग्रेस भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि गोविंद सिंह कुंजवाल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने क्षेत्र को विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों से नवाजा है। लेकिन भाजपा सरकार इन संस्थानों को कमजोर करने में लगी हुई है, जो कि उनकी पहाड़ विरोधी मानसिकता का परिचायक है। जैंती क्षेत्र का यह अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, पूर्व जिपं सदस्य दिनेश कुंजवाल, पूर्व प्रमुख महेन्द्र मेर, जिला महामंत्री दीवान सतवाल, निर्मल रावत, भुवन गहरवाल, चंदन सिंह बिष्ट, देवेन्द्र धौनी, गोपाल महरा, पान सिंह बर्गली, मोहन कुंजवाल, उमेद सिंह धौनी, गंगा सिंह धानक, राम सिंह धानक, कैलाश सिंह, रमेश बिष्ट, प्रदीप बिष्ट, नवीन कोहली, अर्जुन नाथ, विक्रम जंतवाल, यशपाल आर्य, धन सिंह, कमल सतवाल, विक्रम सतवाल, किशन सिंह समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Check Also

student union elections:: छात्र संघ चुनाव न कराने पर भड़के छात्र, एक घंटे तक माल रोड को किया जाम, पुलिस के छूटे पसीने

अल्मोड़ा। छात्रसंघ चुनाव कराने पर असमर्थता के सरकार के हाईकोर्ट में दिए गए जवाब के …