अल्मोड़ा। देश व प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, महंगाई, बेरोजगारी और एक राष्ट्र एक चुनाव के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जनपद इकाई ने गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
राष्ट्रीय अभियान के तहत किए गए धरना प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार जन विरोधी, सांप्रदायिक तथा कॉर्पोरेट परस्त नीतियों को प्रमुखता से उठा रही हैं। अनियोजित विकास के परिणाम स्वरुप पर्यावरण को भारी क्षति पहुंची है। सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आए दिन बड़े-बड़े आंदोलन के बावजूद सरकार पीछे हटने के लिए तैयार नहीं है, क्योंकि प्रदेश की तमाम योजनाएं पीएमओ से तय हो रही है।
वक्ताओं ने कहा कि ऊर्जा प्रदेश का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। भाजपा सरकार ने बिजली का ढांचा अपने चहेते अडानी अंबानी के हवाले कर दिया है। त्योहारी सीजन में महंगाई चरम पर है, जिससे सब्जी, तेल, खाद्य पदार्थ तथा दैनिक उपयोग की वस्तुएं आसमान छू रही है। डबल इंजन सरकार के शासन में प्रदेश में कानून व्यवस्था लड़खड़ा गई है। जिसके चलते आए दिन महिलाओं, दलितों तथा अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा में भारी बढ़ोतरी हुई है। इन घटनाओं में संलिप्त अपराधियों का एक बड़ा हिस्सा सत्ता के संरक्षण में पल रहा है। कहा कि भाजपा शासनकाल में नौकरियां पिछले साल में काफी कम हुई है। हर परिवार के पढ़े लिखे बेरोजगारों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। आज अशिक्षित बेरोजगारों की संख्या में कई गुना बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान एक देश एक चुनाव के फैसले के खिलाफ व्यापक गोलबंदी की जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
धरने में आरपी जोशी, युसूफ तिवारी, सुनीता पांडे, योगेश कुमार, मुमताज अख्तर, शाहनवाज अंसारी आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News


