अल्मोड़ा। एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल आफिसर्स एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का आंदोलन जारी है। इसी क्रम में सोमवार को कर्मचारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक के कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की। आक्रोशित कर्मचारियों ने कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरना स्थल पर मंडलीय अध्यक्ष पुष्कर सिंह भैसोड़ा ने निदेशालय के अधिकारियों पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुमाउं मंंडल के कर्मचारियों की मांगों की कोई सुध नहीं ली जा रही है जबकि गढ़वाल मंडल के कर्मचारियों की वही मांगों पर कार्यवाही कर आदेश जारी कर दिए गए है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पदोन्नति, ट्रांसफर, शिथलीकरण के मामले लंबित चल रहे है। लेकिन अधिकारियों द्वारा मांगों की सुध नहीं ली जा रही है। अधिकारियों द्वारा किए जा रहे भेदभाव को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चरणबद्ध आंदोलन के क्रम में आगामी 27 नवंबर को कुमाउं मंडल के सभी कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होती तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। भैसोड़ा ने कहा जरूरत पड़ी तो कर्मचारी निदेशालय में प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे।
धरना प्रदर्शन में जनपदीय सचिव मुकेश चंद्र जोशी, कैलाश कर्मयाल, पुष्पा कांडपाल, मोहित पाण्डेय, अवनीश पडियार, कमल बिष्ट, सुमित कनवाल, महेन्द्र भोज, पंकज जोशी, शालिनी, पंकज जोशी, संजीव बिष्ट, दुर्गा नेगी, दिनेश, अस्तित्व रस्तोगी, सोहन कुमार, भुवन जोशी, गणेश राज, योगेश तिवारी, भुवन सांगा, त्रिलोक सिंह समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।