अल्मोड़ा: उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के विरोध में शिखर तिराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान गृह मंत्री का पुतला फूंका और प्रधानमंत्री से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लचर कानून व्यवस्था से ध्यान हटाने के लिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ कर भय व नफरत का व्यापार कर रही है जिससे पूरे देश में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।
उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार अपने सांप्रदायिक एजेंडे से देश का सौहार्द बिगाड़ कर उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों को अपने चहेतों को सौंप रही है। उन्होंने कहा कि उपपा के दलित नेता जगदीश चंद्र की निर्मम हत्या के बावजूद भाजपा नेता और सरकार के किसी प्रतिनिधि ने संवेदना के दो शब्द कहने की ज़रूरत भी महसूस नहीं की जो उनके जातीय द्वेष का प्रमाण है।
उपपा के केंद्रीय महासचिव एडवोकेट नारायण राम ने कहा कि उत्तराखंड का शिल्पकार समाज अपने मां बाप का अपमान तो सह सकता है लेकिन डॉ बी आर आंबेडकर के अपमान को किसी भी कीमत पर नहीं सह सकता और उसका माकूल जवाब देने को तैयार है।
पुतला फूंकने में एडवोकेट जीवन चंद्र, एडवोकेट पान सिंह बोरा, एडवोकेट गोपाल राम, एडवोकेट भारती, उपपा की किरन आर्या, चंपा सुयाल, राजू गिरी, यशपाल, महेश, उपपा नगर अध्यक्ष हीरा देवी, नईम खान, कृष्णा आर्या, मदन राम, गोपाल राम, कैलाश राम, राजेश प्रसाद, मुकेश कुमार, प्रकाश चंद्र, चंद्रशेखर बनकोटी, प्रेम चंद्र समेत अनेक लोग मौजूद थे।
India Bharat News Latest Online Breaking News