अल्मोड़ा। जिले में पिछले 24 घण्टे से अधिक समय से लगातार हो रही बारिश से एक बार फिर ठंड लौट आयी है। बारिश व ठंडी हवाओं से अधिकतम तापमान में 14 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। गत गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया था।
जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 13 डिग्री व न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी विनीत पॉल ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जिले में बारिश का येल्लो अलर्ट घोषित किया गया है। सभी तहसीलों में बारिश हो रही है। बागेश्वर गिरेछिना मोटर मार्ग बंद हो गया है जिसे जेसीबी मशीन से खोलने का कार्य गतिमान है। हर दो घण्टे में आपदा कंट्रोल रूम द्वारा सभी तहसीलों से अपडेट प्राप्त की जा रही है।
बारिश व ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ गयी है जिसने लोगों को फिर से अलाव जलाने को मजबूर कर दिया। ठंड से बचने के लिए मुख्य बाजार व अन्य क्षेत्रों में लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए।
उधर, वन विभाग के लिए यह बारिश वरदान बन कर बरसी है। गत 15 फरवरी से फायर सीजन शुरू होते ही जंगलों में आग की घटनाएं भी तेजी से बढ़ने लगी थी। फिलहाल बारिश से जंगलों ने आग पूरी तरह बुझ चुकी है। वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि जमीन में नमी रहने से आगे कुछ दिनों तक वनाग्नि से राहत मिलेगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News