अल्मोड़ा। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मानसखंड विज्ञान केंद्र में धूमधाम से मनाया गया। जिसमें जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।
इस दौरान महान वैज्ञानिक सीवी रमन को उनके कार्यों के लिए याद किया गया। विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसके अंतर्गत उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार अल्मोड़ा से प्रवक्ता विनोद राठौर एवं नैनीताल के कैलाश चंद्र जोशी को दिया गया।
अपने संबोधन में डीएम आलोक कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर सभी जनपदवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान का दौर विज्ञान का दौर है। विज्ञान के इस समय में हमें स्वयं को इससे अलग नहीं करना चाहिए। हमें हमेशा वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहन देना होगा। हमारे विद्यार्थी अपनी चेतना को विज्ञानोन्मुख रखते हुए अपनी प्रतिभा को निखारे। हमेशा हमें अपने वैज्ञानिकों का सम्मान करना चाहिए। उन्हीं की बदौलत आज हमारा जीवन बहुत आसान हो गया है।
डीएम ने कहा कि किसी भी चीज के हमेशा दो पहलू नकारात्मक और सकारात्मक होते है। हमें हमेशा अपनी दृष्टि एवं जिज्ञासा को सकारात्मक रखना चाहिए। बदलती जलवायु परिघटनाओं को भी हमें नजर अंदाज नहीं करना चाहिए। हमें विज्ञान का इस रूप में उपयोग करना होगा जो हमारे पर्यावरण के अनुकूल हो तथा हमारे संसाधनों के लिए संचयात्मक उपलब्धता को सुनिश्चित करता हो।
इस अवसर पर जीबी पंत हिमालय पर्यावरण संस्थान के निदेशक डॉ सुनील नौटियाल, मानसखंड विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ नवीन चंद्र जोशी, आर्यभट्ट रिसर्च इंस्टिट्यूट ऑफ़ ऑबज़रवेशनल साइंसेज़ के डॉ नरेंद्र सिंह ने अपनी रिसर्च के बारे में प्रस्तुतीकरण दिया।
कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा ने भी अपने विचार रखे।
मानसखंड विज्ञान केंद्र में बीते दिवस विभिन्न जिनमें भाषण, व्याख्यान तथा पोस्टर प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई गई। प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया गया। यहां डॉ एसएस सामंत, डॉ धनीराम, डॉ बीपी बिष्ट समेत अन्य लोग मौजूद रहे।