Breaking News

अल्मोड़ा नगर निगम बोर्ड की बैठक, 40 करोड़ से विकास कार्यों का खींचा खाका

हेरिटेज नगर योजना का लिया संकल्प, एजुकेशन हब को बनेगी ई-लाइब्रेरी

अल्मोड़ा। नगर निगम बोर्ड की बैठक में हेरिटेज नगर को साकार करने, ऐतिहासिक धरोहरों और सांस्कृतिक विरासतों का संरक्षण करने का संकल्प लिया। नगर प्रमुख अजय वर्मा की अध्यक्षता में कोई बैठक में 40 करोड़ से अधिक का बजट प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।

नगर प्रमुख अजय वर्मा ने कहा अल्मोड़ा प्राचीन और ऐतिहासिक नगर है। प्राचीन धरोहर, संस्कृति हमारी विरासत है। धरोहरों का संरक्षण कर इसे हेरिटेज नगर बनाकर पर्यटन के जरिए अधिक आय अर्जित की जा सकती है। नगर के सर्वांगीण विकास के लिए नगर निगम बोर्ड हर संभव प्रयास करेगी।

सहायक नगर आयुक्त भरत त्रिपाठी ने बताया निर्वाचित बोर्ड गठित होने के बाद निगम की आज दूसरी बैठक हुई। बैठक में विगत बैठक की पुष्टि की गई तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त आय-व्यय का विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-25 हेतु प्रस्तावित बजट पर चर्चा की गयी तथा वर्ष 2025-26 में अनुमानित आय रु. 393344000.00, अनुमानित व्यय 408903000 का बजट सदन द्वारा स्वीकृत किया गया। बैठक में 10 प्रस्ताव पारित किए गये।

बैठक में नगर प्रमुख अजय वर्मा ने बताया दशहरा महोत्सव के लिए एमईएस कार्यालय से जीआईसी मैदान तक सड़क मार्ग का निर्माण किया जायेगा। ऐतिहासिक नन्दा देवी मेले को भव्य स्वरूप प्रदान किया जायेगा। नगर में जंगली जानवरों बन्दरों, कुत्तों व आवारा पशुओं की आवाजाही रोकने हेतु परिमाण परक कार्य योजना बनेगी। नगर में सीवर लाईन के अवशेष कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करते हुए पूरे नगर क्षेत्र को सीवर लाइन से आच्छादित करने का प्रयास किया जायेगा। नगर निगम क्षेत्र में आधुनिक महिला शौचालय का निर्माण, विभिन्न वार्डो में जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अव्यवस्थित पाईप लाइनों को व्यवस्थित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर वेण्डिंग जोन आवंटित कर स्वरोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे तथा स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए स्थानीय छोटे व्यापारियों को स्थान उपलब्ध कराये जाने के प्रयास किये जायेंगे। शिकायतों, समस्याओं के निराकरण तथा टैक्स जमा करने आदि की व्यवस्था के लिए डिजिटल माध्यम विकसित किया जायेगा।

अल्मोड़ा को एजुकेशनल हब बनाने के लिए आधुनिक ई-लाइब्रेरी का निर्माण किया जायेगा। नागरिकों की सुविधा हेतु नये नगर निगम भवन का निर्माण करवाया जायेगा। सोलर हाईमास्क लाई व सोलर स्ट्रीट लाईट सिस्टम विकसित किया जायेगा। नगर निगम के अन्तर्गत नये पार्क, चिल्ड्रन पार्क विकसित किये जायेंगे तथा पुराने पार्कों का आधुनिकीकरण किया जायेगा। नगर में वरिष्ठ नागरिकों हेतु पैदल पथ संचालन हेतु फुटपाथ का निर्माण करवाया जायेगा। नगर निगम हाल का विस्तार होगा। एबीसी सेन्टर में श्वान पशुओं का बधियाकरण करवाया जायेगा तथा नगर के आवारा गोवंश हेतु गौशाला की व्यवस्था की जायेगी। इस बैठक में नगर आयुक्त दिवेश शाशनी सहित नगर निगम के पार्षद मौजूद रहे।

Check Also

क़्वारब डेंजर जोन के पास सड़क हुई क्षतिग्रस्त, NH में पिछले कई घंटे से ट्रैफिक बंद

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी नेशनल हाईवे में क़्वारब लैंडस्लाइड जोन के पास शनिवार देर शाम पुल से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

preload imagepreload image
02:23