अल्मोड़ा। प्रशासन, पुलिस और मीडिया के बीच सौहार्द और आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में सद्भावना क्रिकेट मैच खेला गया। जिसमें डीएम आलोक कुमार पांडेय, एसएसपी देवेंद्र पींचा, सीडीओ दिवेश शाशनी के साथ ही पत्रकारों, कर्मचारियों व पुलिसकर्मियों ने मुकाबले में हिस्सा लिया।
मुकाबला बारिश के कारण बाधित रहा और परिणाम डकवर्थ-लुईस विधि के आधार पर घोषित करते हुए डीएम इलेवन को पांच विकेट से विजेता घोषित किया गया।
मीडिया इलेवन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और कप्तान मुकेश सक्टा की 50 रनों की दमदार पारी की बदौलत निर्धारित बीस ओवर में 125 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएम इलेवन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। डीएम इलेवन की ओर से सागर बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 51 रन बनाए और दो विकेट भी झटके, जो टीम की जीत में निर्णायक साबित हुए। डीएम आलोक कुमार पांडेय ने अपना योगदान देते हुए 19 रन बनाए। मैच के अंत में प्लेयर ऑफ़ द मैच का खिताब संयुक्त रूप से सागर बिष्ट और मुकेश सक्टा को दिया गया।
महिलाओं की आर्थिकी को बढ़ावा देने की डीएम की मंशा के अनुरूप भोजन की व्यवस्था स्वयं सहायत समूह की महिलाओं से करवाई गई, ताकि समूह को आर्थिक लाभ हो सके।
India Bharat News Latest Online Breaking News