अल्मोड़ा। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी तेजी से बढ़ रही है। एक बार फिर पुलिस ने नशा तस्करों के मंसूबों को नाकामयाब करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। देघाट व भतरौंजखान पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 36 किलो से अधिक गांजा बरामद कर छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में एक बीएससी नर्सिंग का छात्र भी शामिल है।
थाना देघाट पुलिस टीम द्वारा सोमवार रात सुरमोली तिराहे से करीब 300 मीटर घुगुती रोड पर एक कार संख्या डीएल- 14 सीजे-1385 से तीन कट्टों में कुल 29.986 किग्रा अवैध गांजा बरामद की। तस्करी कर रहे कमल सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम सरकथल रामपुर, दीपक कुमार पुत्र कमल राम, निवासी ग्राम चकर गांव, सल्ट अल्मोड़ा तथा हिमांशु रावत उर्फ मकाऊ पुत्र रतन सिंह, निवासी ग्राम चित्रकूट कॉलोनी थाना रामनगर, नैनीताल को गिरफ्तार किया है। आरोपित गांजा को सराईखेत से लाकर रामनगर ले रहे थे। जहां अधिक दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित कमल सिंह हाल में उधम सिंह नगर से बीएससी नर्सिंग कर रहा है। जबकि तस्करों का सरगना हिमांशु रावत उर्फ मकाऊ इसी साल मार्च माह में जेल से छूटा है। उसके खिलाफ इससे पहले नैनीताल जिले के कोतवाली रामनगर में अलग-अलग मामलों में पांच मुकदमे दर्ज हैं।
उधर, भरौजखान थाना पुलिस टीम द्वारा बासोट भिकियासैंण रोड पर चेकिंग के दौरान कार संख्या- यूपी62एई-6599 से 6.71 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। तस्करी में शामिल रिजवान कुरैशी पुत्र जहीर अहमद, मो. अबुजर पुत्र बिलाल तथा मो. परवेज पुत्र अब्दुल रब को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपित रामनगर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने दोनों मामलों में सभी छह आरोपितों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों वाहनों को सीज कर दिया है। आरोपितों ने जिनसे गांजा खरीदा पुलिस अब उनकी तलाश में जुट गई है।
India Bharat News Latest Online Breaking News