कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिसकर्मियों के बीच हुई धक्का-मुक्की
पीसीसी चीफ करन माहरा बोले, प्रदेश सरकार नहीं चेती तो अब भवाली में करेंगे चक्काजाम
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग में क्वारब के पास हाईवे की बदहाली और कैंची धाम के पास जाम की समस्या को लेकर कांग्रेस ने अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झड़प हुई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में डीएम कार्यालय का घेराव किया। इस मौके पर पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, द्वाराहाट विधायक मदन सिंह बिष्ट और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर भी मौजूद रहे।
सुबह दस बजे से कुमाउंभर से कई कांग्रेस कार्यकर्ता यहां कलेक्ट्रेट को जाने वाले मार्ग विश्राम स्थल पर जुटने शुरू हो गए। जिसके बाद हाथों में तख्ती व पोस्टर लिए सैकड़ों की तादात में कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। लेकिन कलेक्ट्रेट मुख्य गेट के पास पहले से ही मौजूद भारी पुलिस बल ने कांग्रेसजनों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इससे नाराज युवा कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों और कांग्रेसियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।
इसके बाद पीसीसी चीफ करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या आगे आए। कांग्रेसियों को रोकने में पुलिस के पसीने छूट गए। पुलिस कार्यकर्ताओ को नहीं रोक पाई कांग्रेसी बैरिकेडिंग हटाकर कलेक्ट्रेट में घुस गए और वहां धरने में बैठ नारेबाजी करने लगे।
इस दौरान पुलिस ने जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज सहित कई कार्यकर्ताओं को बाहर ही रोक लिया। जिससे कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई। बाद में कांग्रेस के बड़े लीडरों ने जब इसका विरोध किया तो फिर जिलाध्यक्ष को कलेक्ट्रेट में एंट्री दी। जहां धरने में बैठ कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
खनन व शराब माफिया की कठपुतली बनी सरकार: माहरा
अल्मोड़ा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि धामी सरकार खनन माफिया व शराब माफिया के हाथ की कठपुतली बनकर रह चुकी है। जनसमस्याओं से सरकार का कोई लेना देना नहीं है। क्वारब डेंजर जोन के लिए धनराशि स्वीकृत होने के बावजूद पिछले एक साल से वहां एनएच पर दुर्दशा बनी हुई है। कैंची धाम के पास जाम की समस्या से पर्यटक अल्मोड़ा, रानीखेत सहित अन्य पर्यटक स्थलों पर नहीं जा पा रहे हैं। हायर सेंटर रेफर होने वाले मरीज आधे रास्ते में फंसकर दम तोड़ दे रहे है। धामी सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार अब भी नहीं चेती तो कांग्रेस भवाली में चक्काजाम करने के लिए मजबूर होगी।
भाजपा सरकार में विकास हुआ अवरुद्ध: आर्या
अल्मोड़ा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि विकास करने का दावा कर सत्ता में आई भाजपा सरकार के शासनकाल में प्रदेश में विकास अवरूद्ध हो चुका है। पहाड़ की लाइफ लाईन माने जाने वाले अल्मोड़ा—हल्द्वानी हाईवे में जगह जगह जाम की समस्या से लोग परेशान है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। कांग्रेस की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह जनता की आवाज बने इसके लिए डीएम कार्यालय का घेराव कर प्रदेश सरकार को जगाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने तक कांग्रेस की आवाज नहीं थमेगी।
सरकार बताए कब होगा समाधान: हरीश
अल्मोड़ा। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि क्वारब डेंजर जोन व कैंची धाम में जाम की समस्या का सालों बाद भी हल न निकाल पाना एक गंभीर प्रश्न बन चुका है। क्वारब व कैंची का मामला अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, रानीखेत और गैरसैंण की अर्थव्यवस्था से जुड़ा हुआ है। इस संकट के बाद इन क्षेत्रों में महंगाई बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घेराव कार्यक्रम के ऐलान के बाद सरकार की ओर से केवल एक लीपापोती करने वाला बयान सामने आया है, कांग्रेस उसे नहीं मानती है। पूर्व सीएम ने कहा कि सरकार बताएं की क्वारब डेंजर जोन व कैंची धाम की समस्या का समाधान आखिर कब होगा।
बीजेपी ने जनता समेत सभी को गुमराह किया: तिवारी
अल्मोड़ा। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि इस विषय की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने शासन प्रशासन एवं जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को ध्यान आकृष्ट कराने के लिए क्वारब पुल पर धरना प्रदर्शन किया था। लेकिन सरकार से जुड़े भाजपा नेताओं की हवा हवाई बातों और फर्जी दावों ने भी जनता को गुमराह किया है। क्वारब और कैंची मार्ग के इस लगातार चल रहे अवरोध से व्यापारी, छात्र, कर्मचारी, यात्री, मरीज सभी लोग प्रभावित है।
मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
अल्मोड़ा। कांग्रेस के बढ़ते विरोध को देखते हुए डीएम आलोक कुमार पांडे धरनास्थल पर पहुंचे। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंप क्वारब व कैंची धाम की समस्या पर सीएम से स्वयं दखल देकर शीघ्र समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को सख्ती से निर्देशित करने एवं शासन-प्रशासन को स्थानीय प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर दोनों जगहों पर सड़क मार्ग संबंधी विषमताओं का निदान कर अन्य वैकल्पिक रास्ते तलाश कर जल्द मार्गों को सुचारू करने की मांग की है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, हरीश ऐठानी, प्रकाश चंद्र जोशी, भगवत डसीला, राजेंद्र टंगड़िया, अमरजीत सिंह भाकुनी, कुलदीप कुमार, राधा बिष्ट, प्रीति बिष्ट, गीता मेहरा, निर्मल रावत, एमसी आर्या, रमेश भाकुनी, जीवन बिष्ट, अरविंद रौतेला, भैरव गोस्वामी, सुशील साह, दीपक पांडे, पूरन सिंह सुप्याल, भुवन दोसाद, परितोष जोशी, हिमांशु मेहता, मोहन देवली, पवन मेहरा, नितिन रावत, अमित बिष्ट सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।