अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर के विधि संकाय में गत दिवस हुए एक कार्यक्रम से छात्र गुटों के बीच उपजे विवाद ने अब हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में एक एनएसयूआई नेता घायल हुआ है जिसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। इस मामले में अलग-अलग तहरीर पर पुलिस ने बुधवार शाम तक चार मुकदमें दर्ज किए है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अन्य थानों से भी पुलिस फोर्स जिला मुख्यालय बुला लिया गया है। वही, एफआईआर दर्ज होने के बाद सभी आरोपित फरार चल रहे हैं। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों व संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव बाल विक्रम सिंह रावत ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि, मंगलवार रात रीगल हॉल के पास आशीष जोशी, तन्मय जोशी व राहुल भंगरी उर्फ बन्नी एवं तीन अन्य अज्ञात लोगों ने उसके ऊपर लोहे की रॉड, हॉकी व अन्य धारदार हथियार से हमला किया और गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
टाइगर ग्रुप के आशीष जोशी द्वारा पंकज कार्की, बाला, देव मिक्षा, गोलू सतवाल सहित अन्य एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट और गाली गलौच करने को लेकर तहरीर सौंपी है। दूसरे पक्ष से छात्र संघ के पूर्व सचिव गौरव सिंह सतवाल ने आशीष जोशी उर्फ टाइगर के खिलाफ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोपों पर शिकायत दर्ज कराई है।
कोतवाल योगश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में जाखनदेवी क्षेत्र निवासी एक महिला द्वारा भी दो युवकों के घर में घुसने को लेकर तहरीर सौंपी गई है। इस मामले की भी जांच की जा रही है अगर कोई तथ्य मिला तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों और संभावित स्थानों में दबिश दी गई। सभी फरार चल रहे हैं। आरोपितों की तलाश जारी है।
घर में घुसकर महिला व उसकी बेटी से छेड़छाड़ का आरोप
अल्मोड़ा। सरकार की आली खोल्टा निवासी मीरा भंडारी ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा बुधवार की दोपहर पवन मेहरा, शुभांशु रौतेला, गोलू सतवाल, प्रदीप बिष्ट, मयंक बिष्ट सरिया, डंडे लेकर उनके घर में घुसे और राहुल भंडारी को बाहर निकालो कहते हुए युवकों ने उनका दरवाजा तोड़ा। महिला का आरोप है कि आरोपितों द्वारा उससे व उसकी 27 वर्षीय बेटी से छेड़खानी, हाथापाई व गाली-गलौच की गई और जान से मारने की धमकी दी। बाद में सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची तब तक आरोपित वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने छेड़छाड़, तोड़फोड़ व अन्य धाराओं में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कांग्रेस ने कोतवाली का घेराव कर किया प्रदर्शन
अल्मोड़ा। एनएसयूआई प्रदेश महासचिव बाल विक्रम सिंह रावत पर हुए जानलेवा हमले के प्रयास के बाद कांग्रेस व एनएसयूआई ने बुधवार को कोतवाली का घेराव किया। कांग्रेसियों ने पुलिस पर सत्ताधारी पार्टी भाजपा के दबाव के चलते एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की तहरीर पर दूसरे पक्ष पर मुकदमा दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी बहस हुई। बाद में सभी कार्यकर्ता कोतवाली गेट पर धरने पर बैठकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, तारा चंद्र जोशी, निर्मल रावत, मोहन देवली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
अल्मोड़ा। शहर में अलग-अलग इलाकों में छात्र गुटों के आपसी विवाद से बने अराजकता के माहौल के बाद लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि छात्र नेता खुलेआम कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे है एक के बाद एक मामले सामने आए जिन्हें रोकने में पुलिस नाकाम रही। जिस तरह की अराजकता पैदा हुई है उससे शहर में आमजनमानस खौफजदा है।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि दो तीन दिनों से छात्र गुटों में तनाव चल रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमें दर्ज किए गए है। पुलिस बिना किसी दबाव में सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर रही है जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।