अल्मोड़ा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा व कांग्रेस गदगद है। जिले में जिला पंचायत की कुल 45 सीटें हैं जिसमें भाजपा कांग्रेस समर्थित 15-15 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। चुनाव परिणाम सामने आते ही दोनों ही पार्टियां अपना-अपना जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने का दावा भी करने लगी है। लेकिन इस बार अलग अलग सीटों से 15 निर्दलीय सदस्य भी चुनाव जीत कर आएं हैं ऐसे में निर्दलीय जिपं सदस्य किंग मेकर की भूमिका निभाएंगे।
जिला पंचायत सीट पर कांग्रेस के जो 15 अधिकृत प्रत्याशी जीत दर्ज कर आए है इनमें द्वाराहाट की रवाड़ी सीट से भूपाल सिंह, चौखुटिया के नागाड़ से हर्षिता वर्मा, घचकोट से पूजा रावत, मोहनरी से नीमा देवी, गड़स्यारी से निशा कनवाल, ढौरा से पूजा आर्या, पल्यूड़ा से संतोष कुमार, डिंगरा से कुंदन सिंह भंडारी, काभड़ी से भावना जोशी, डूंगरा से हेमा देवी, नौगांव से मुन्नी आर्या, सल्ला भाटकोट से शैलजा चम्याल, खांकर से सुनीता कुंजवाल, डोल से रजनी फर्त्याल और सती नौगांव जिला पंचायत सीट से माया देवी ने जीत दर्ज की है।
भाजपा के 15 अधिकृत प्रत्याशियों ने भी जीत का परचम लहराया है। भाजपा के विजयी उम्मीदवारों में कुमौली से मंजू टम्टा, विजयपुर सीट से युगल किशोर, डीडा से दीपक प्रभाकर, चिंतोली से मीना शर्मा, नैल से किशोर कुमार, जसपुर से सुरेंद्र सिंह नेगी, नौला से अंबा देवी, ऐरोड़ से हिमांशु कुमार, मोवड़ी से बीना बिष्ट, गोलना करड़िया से प्रेम लटवाल, खत्याड़ी से ममता कनवाल, सकनियाकोट से महेश नयाल, सुनौली से चंपा देवी, छानी ल्वेशाल से भुवन चंद्र जोशी, भैंसाड़ी सीट से श्वेता फुलारी जीतीं हैं।
निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने के बाद जीत कर आए 15 जिपं सदस्य किंग मेकर रहेंगे। इनमें नैकणा से पुष्प देवी, ईड़ा से सूरज उपाध्याय, बैरती से सरस्वती देवी, खीड़ा से किरन नेगी, पनुवादृयोखन से हंसा नेगी, उजराड़ से मनमोहन बंगारी, अजोली तल्ली से शंभू सिंह, इकूरौला से सुंदर सिंह, सौला-2 से शांति उप्रेती, बल्टा से प्रदीप मेहता, धामस से कुंदन राम, डांगीखोला से पुष्पा आर्या, धूरासंग्रोली से नवीन चंद्र, खोला से हेमा गैड़ा व पिलखोली से प्रदीप कुमार शामिल हैं।
अध्यक्ष पद पर होने लगे जीत के दावे
अल्मोड़ा। जिलापंचायत सदस्य पद का परिणाम घोषित हो गया है। निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर आरक्षण की अनंतिम सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही कांग्रेस और भाजपा ने अपने अधिकृत जीते प्रत्याशी को अध्यक्ष पद पर जिताने का दम भर दिया है। हालांकि, दोनों ही दल निर्दलियों बगैर अध्यक्ष पद पर नहीं जीत सकते। दोनों पार्टियों के जिला अध्यक्षों ने अध्यक्ष पद पर अपनी पार्टी कार्यकर्ता के अध्यक्ष बनने का दावा किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा पार्टी जिस कार्यकर्ता को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाएगी उसकी जीत के समर्पित होकर काम किया जाएगा। नयाल ने कहा भाजपा अधिकृत 15 जिला पंचायत सदस्य जीते हैं और अधिकांश निर्दलीय भी भाजपा से ही संबंधित हैं। बहुमत भाजपा के पक्ष में है और जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा का ही बनेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा पार्टी अधिकृत प्रत्याशियों की जीत से कांग्रेस मजबूत हुई है। अधिकांश निर्दलियों ने भी कांग्रेस को समर्थन जताया है। कांग्रेस के पक्ष में 25 से अधिक जिला पंचायत सदस्य हैं और जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर इस बार भी कांग्रेस की कार्यकर्ता बाजी मारेगा।
India Bharat News Latest Online Breaking News