अल्मोड़ा। पूर्व में प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व एवं अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी की मौजूदगी में द्वाराहाट तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
पीसीसी चीफ माहरा ने द्वाराहाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाएं। उन्होंने कहा कि अपहृत लोगों के मामले में यदि तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली जाती तो हालात बिगड़ने तक बात न पहुंचती। आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता के इशारों पर कठपुतली की तरह काम कर रही है।
माहरा ने कहा, जिस राज्य का गठन लंबे आंदोलन और संघर्ष के बाद हुआ हो, वहां का युवा पुलिस की ज्यादती को बर्दाश्त नहीं करेगा। तत्कालीन द्वाराहाट थानाध्यक्ष पर आरोप लगाया कि वे पीड़ित पक्ष की प्राथमिकी को तीन दिन तक लटकाते रहे और बाद में उल्टा उन्हीं पर संगीन धाराएं लगा दी। कहा कि ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार की जा रही है और सत्ता परिवर्तन होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विधायक मनोज तिवारी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा सत्ता का दुरुपयोग कर आम जनता, महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। पंचायत राज अधिनियम का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता आने वाले चुनावों में सत्ता के खिलाफ फैसला करेगी।
तिवारी ने आरोप लगाया कि पुलिस के संरक्षण में बीजेपी समर्थकों ने हिंसा की घटनाओं को अंजाम दिया। द्वाराहाट और बेतालघाट में खुलेआम गोली चलाई गई, जबकि नैनीताल में भाजपा ने नंगा नाच किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रमुख दीपक किरौला पर हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कराया गया है। जबकि महिला बीडीसी के पतियों के अपहरण करने वाले लोगों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।
सभा को जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख आरती किरौला, नपं अध्यक्ष संगीता आर्या, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश अधिकारी, नारायण रावत, निर्मल रावत आदि ने भी संबोधित किया।
इस दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जगत रौतेला, पूर्व नप अध्यक्ष विनोद जोशी, हीरा रावत, हेम मठपाल, भुवन लहरी, कमल साह, सुनील कांडपाल, भारत भूषण, बीआर आगरी, नंदराम नरेंद्र बिष्ट, नवीन मैंनाली, दिनेश आर्या, जगदीश सिंह बिष्ट, सुनील साह, प्रताप रावत, दीपक कुमार, जीवन सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News