Breaking News

विधायक मनोज तिवारी का आरोप, सरकारी विद्यालयों का निजीकरण करना चाहती हैं सरकार, सरकार को दी बड़ी चेतावनी

क्लस्टर योजना का फैसला वापस नहीं लिया तो कांग्रेस करेगी आंदोलन
विधायक ने बच्चों को शिक्षा से वंचित करने का लगाया आरोप

अल्मोड़ा। विधायक मनोज तिवारी ने क्लस्टर विद्यालय योजना को भाजपा सरकार की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति समेत अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने में नाकाम साबित हुई है। सरकार अब पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकारी विद्यालयों का निजीकरण करना चाहती है। सरकार के इस फैसले का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।

शुक्रवार को प्रेस वार्ता में विधायक तिवारी ने कहा कि क्लस्टर विद्यालय योजना के तहत प्रदेश में 1488 विद्यालयों को दूसरे विद्यालयों में समायोजित किया जा रहा है। अल्मोड़ा विधानसभा में करीब 20 इंटर कालेज व हाईस्कूल प्रभावित हो रहे हैं। जबकि समायोजित होने वाले अधिकांश स्कूलों में छात्र संख्या मानक से ज्यादा है।

 

विधायक ने कहा कि मानसून सत्र में विपक्ष क्लस्टर योजना समेत धराली आपदा, स्वास्थ्य, रोजगार, प्रदेश में ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था पर सदन में चर्चा कर सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहता था। लेकिन सरकार ने मनमानी पर उतर कर सत्र को दो दिन में समाप्त कर दिया।

 

विधायक ने कहा कि क्लस्टर योजना आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को शिक्षा से वंचित करने का काम करेगी। उन्होंने इसे सीधे तौर पर शिक्षा व्यवस्था पर हमला बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस योजना का कड़ा विरोध करेगी। जल्द ही मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा और अगर सरकार अपना फैसला वापस नहीं लेती है तो कांग्रेस अभिभावकों व छात्र छात्राओं को साथ लेकर आंदोलन को तेज करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर प्रदेश सरकार को इस तरह का फैसला वापस लेना चाहिए।

 

प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूरन रौतेला, डॉ मनोज जोशी, सेवानिवृत्त शिक्षक आनंद बगडवाल, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, आनंद बिष्ट आदि मौजूद रहे।

 

 

Check Also

हिंदू सेवा समिति की बैठक, नव संवत्सर कार्यक्रम की रूपरेखा तय, यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी

अल्मोड़ा: नव संवत्सर के आयोजन को लेकर रविवार को हिंदू सेवा समिति द्वारा बैठक आहूत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *