अल्मोड़ा। जिले में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश का सबसे अधिक प्रभाव रोड कनेक्टिविटी पर पड़ा है। इस अतिवृष्टि में लमगड़ा विकासखंड को जोड़ने वाला दुबराली–ध्युली धौनी मोटर मार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है। ग्रामीणों का विकासखंड मुख्यालय से संपर्क कट चुका है। ग्रामीणों ने संंबंधित विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी भी दी। लेकिन तीन दिन बीत जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इसका संज्ञान नहीं ले रहे है। जिससे ग्रामीणों में खासा आक्रोश है।
मानसून काल में सड़क व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय द्वारा पूर्व में अधिकारियों को सड़क बंद होने की दशा में तुरंत कार्यवाही कर सड़कों को सुचारू करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन दुबराली–ध्युली धौनी मोटर मार्ग में जिस तरह जिम्मेदारों की लापरवाही सामने आई है उससे प्रतीत होता है कि अधिकारी जिलाधिकारी या फिर अपने उच्चाधिकारियों के निर्देशों का पालन करना भी उचित नहीं समझते हैं।
ग्रामीण रमेश सिंह रौतेला और मदन सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि लमगड़ा विकासखंड को जोड़ने वाला दुबराली–ध्युली धौनी मोटर मार्ग दो ग्राम पंचायतों की जीवनरेखा है, जिनकी कुल आबादी लगभग 700 है। मार्ग टूट जाने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए लगभग 7 किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है।
भारी वर्षा से पीने योग्य पानी की पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं बरसात के मौसम में बुखार, डायरिया, पीलिया और निमोनिया जैसे रोगों के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में लोग मजबूरी में मेडिकल स्टोर से दवाइयां मंगा रहे हैं या फिर पैदल चलकर लमगड़ा के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचकर इलाज करवा रहे हैं। यह स्थिति अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है।
ग्रामीणों का आक्रोश इस बात को लेकर और भी बढ़ गया है कि अब तक सड़क मार्ग की सुध नहीं ली गई है। लोनिवि निर्माण खंड के एई और जेई से दूरभाष पर संपर्क करने के बावजूद ग्रामीणों को कोई ठोस जवाब नहीं मिल पा रहा है। फलस्वरूप गाँव में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से निराशा का वातावरण व्याप्त है।
हैरत की बात यह है कि आपदा कंट्रोल रूम में इस सड़क के बंद होने की तक सूचना नहीं है। जिससे समझा जा सकता है कि लोनिवि कितनी मुस्तैदी से अपना काम कर रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पॉल ने बताया कि दुबराली–ध्युली धौनी मोटर मार्ग के बंद होने की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। उच्चाधिकारियों के स्तर से ही मामले में आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के सहायक अभियंता हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि ग्रामीाणों द्वारा सड़क बंद होने की सूचना बुधवार को उन्हें दी गई थी। जेसीबी किसी अन्य मार्ग को सुचारू करने के लिए भेजी गई थी। गुरुवार को जेसीबी आपरेटर का स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से सड़क नहीं खोली जा सकी। शुक्रवार को सड़क को सुचारू करने के प्रयास किए जाएंगे।
India Bharat News Latest Online Breaking News