अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (Almora-Haldwani National Highway) में क्वारब के पास पहाड़ी से हो रहे भू-स्खलन और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर राजनीति तेज हो गई हैं। इस मुद्दे पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री व स्थानीय सांसद अजय टम्टा और कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी दोनों आमने-सामने हैं। दोनों नेताओं द्वारा शब्दरूपी बाण छोड़ कर एक-दूसरे पर दोषारोपण व आरोप-प्रत्यारोप करने का दौर शुरू हो चुका है।
कांग्रेस ने अपनी राजनीति चमकाने के लिए वैकल्पिक मार्ग का किया विरोध: टम्टा
अल्मोड़ा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री व स्थानीय सांसद अजय टम्टा ने क्वारब में लगातार बिगड़ते हालात व अब तक बाईपास का निर्माण न होने के लिए विधायक मनोज तिवारी व कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है।
जारी बयान में टम्टा ने कहा कि सितम्बर 2024 में क्वारब के पास करीब दो सौ मीटर लम्बाई का एक बड़ा भू-स्खलन जोन बन गया था। टीएचडीसी के विशेषज्ञों द्वारा भू-स्खलन प्रभावित क्षेत्र का गहनता से सर्वेक्षण करने के बाद हिल साइड ट्रीटमेंट के लिए 51.37 करोड़ और वैली साइड ट्रीटमेंट के लिए 17.14 करोड़ की डीपीआर भारत सरकार को भेजी गई। उनके अनुरोध पर सरकार द्वारा तत्काल धनराशि जारी की गई।
टम्टा ने कहा कि अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों की जनता को राहत देने के लिए प्रभावित मोटर मार्ग के पास ही एक बाईपास बनाने की योजना बनाई गई। जिसके लिए केंद्र सरकार ने 10.23 करोड़ स्वीकृत किए और 15 सितंबर तक यह कार्य पूरा होना था। लेकिन कांग्रेस ने अपनी राजनीति चमकाने के लिए विरोध प्रदर्शन कर निर्माण कार्य रूकवा दिया।
केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा ने विधायक से सवाल किया है कि वें विधायक व कांग्रेस से पूछना चाहते हैं कि उन्हें विभागीय प्रक्रिया पर संदेह था तो उसकी तकनीकी जाँच करवाते न की आम जनता के लिए बन रहे वैकल्पिक मोटर मार्ग का विरोध करते। कहा कि कांग्रेस जनता को बरगलाना बंद करें। आमजन की सुविधा के लिए बन रहे वैकल्पिक मार्ग को बनाये जाने से विधायक इतना खिन्न क्यों हुए। इसका जवाब वह क्षेत्र की जनता को दें।
समस्या का समाधान होने तक करता रहूंगा संघर्ष: तिवारी
अल्मोड़ा। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि पिछले डेढ़ साल से क्वारब डेंजर जोन लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। एक साल तक केंद्र, राज्य सरकार व विभागीय मंत्री को इसकी याद नहीं आई। अब अपनी नामामी छिपाने के लिए विभागीय मंत्री, कांग्रेस व उन पर दोषारोपण कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि सांसद अजय टम्टा, केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन राज्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन होने के बाद भी अपने गृह क्षेत्र की सड़क का सुधारीकरण नहीं कर पाए, जिस कारण पूरी लोकसभा अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर की जनता परेशान हैं। ऐसे में क्षेत्रीय जनता अपने सांसद से और क्या उम्मीद रख सकती है?
विधायक तिवारी ने कहा कि वें जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठा रहे हैं। सड़क निर्माण की मांग करने वाली आम जनता को केन्द्रीय राज्य मंत्री अराजक तत्व कह रहे हैं जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। डोबा चौंसली मोटर मार्ग का करीब दस करोड़ का काम केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा बिना किसी टेंडर के अपने चहेतों को दे दिया गया, जो भ्रष्टाचार का जीता जागता उदाहरण था। इसके लिए उन्होंने आवाज उठाई जो विभागीय मंत्री को नागवार गुजरा। उन्होंने कहा कि चाहे उनके ऊपर कितने ही दोषारोपण किए जाएं, लेकिन वें जनता की आवाज बुलंद करते रहेंगे।
India Bharat News Latest Online Breaking News


