अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी द्वारा आगामी 20 एवं 21 सितंबर को धारानौला में दो दिवसीय संवाद शिविर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यालय में बैठक आहूत की गई। जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय उपाध्यक्ष नारायण राम ने की।
बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि इस संवाद शिविर में जल–जंगल–जमीन, रोजगार, शिक्षा, संस्कृति और राज्य के मौजूदा संकटों पर निरंतर काम कर रहे सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता, पत्रकार, बुद्धिजीवी भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में जनकवि बल्ली सिंह चीमा भी हिस्सा लेंगे।
तिवारी ने कहा कि राज्य की जनता इस सच्चाई को समझ चुकी है कि जिन दलों ने शासन-सत्ता में भागीदारी रही, उन्होंने उत्तराखंड की संवेदनशील संरचना और समाज के बुनियादी प्रश्नों की लगातार अनदेखी की है। परिणामस्वरूप पूरा हिमालय विनाश के कगार पर पहुंच गया है। खेती चौपट हो चुकी है। पूँजीपति माफियाओं का आतंक व्याप्त है, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है, बेरोजगारी और महँगाई से जनता त्रस्त है। विकास के नाम पर हो रहा यह विनाश अब असहनीय हो चुका है। गाँव खाली हो रहे हैं।
बैठक में किरण आर्या, गोपाल राम, वसीम अहमद, मोहम्मद साकिब, राजू गिरी, पूजा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News


