अल्मोड़ा। उधारी के पैसे नहीं चुका पाने तथा घर वालों व रिश्तेदारों के पैसे खर्च होने से तंग आकर एक युवक ने मौत को गले लगा लिया। युवक ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट लिखा। उसके बाद नुवान गटककर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में मृतक ने यह आत्मघाती कदम उठाने के लिए खुद को जिम्मेदार माना है।
शनिवार शाम करीब साढ़े 5 बजे पुलिस को कर्बला तिराहे के पास के जंगल मे एक युवक के शव पड़े होने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची। जहां शव के पास ही पुलिस को एक सुसाइड नोट व नुवान की शीशी बरामद हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हवालबाग ब्लॉक के ग्राम सैज निवासी हेमं चंद्र पाठक उर्फ हरीश (33) पुत्र बसंत पाठक के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई रविवार को होगी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक द्वारा ऑनलाइन गेमिंग ऐप में पैसे लगाए गए थे। सुसाइड नोट में मृतक ने लिखा है कि उसने परिजनों के 1 लाख रुपये व बहन के 70 हजार रुपये खर्च कर दिए है। उस पर काफी उधार हो गया है। जिससे तंग आकर वह यह कदम उठा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस द्वारा हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
India Bharat News Latest Online Breaking News