अल्मोड़ा। नगर के चौक बाजार में हुई चाकूबाजी मामले में पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र व चाचा को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है। शहर के बीचों बीच हुई इस खौफनाक घटना से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के मुताबिक, बाजार में फड़ लगाने को लेकर दोनों पक्षों में पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। सोमवार रात दोनों पक्षों में एक बार फिर बहस हो गई। आरोप है कि विकास पवार अपने बेटे ध्रुव पवार और भाई आशुतोष पवार के साथ दुकान पर आया और दीपक जोशी पर चाकू से हमला कर दिया। दीपक के बड़े भाई जगदीश चंद्र जोशी बीच बचाव के लिए आए तो आरोपित ने उन्हें भी चाकू मारकर घायल कर दिया।
दीपक जोशी की पत्नी सीमा जोशी ने इस मामले में पुलिस को नामजद तहरीर सौंपी है। तहरीर के आधार पर कोतवाली में बीएनएस की धारा 115(2), 118, 109, 351(2) व 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने रात में ही तीनों आरोपितों विकास पावर, ध्रुव पवार व आशुतोष पवार को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि इस प्रकार के कृत्य करने वालों को कतई बख्शा नहीं जायेगा। ऐसे आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
पुलिस ने बताया कि आरोपित आशुतोष पवार के खिलाफ पिछले वर्ष यानि 2024 में अलग अलग धाराओं में चार मुकदमें दर्ज है। जिसमें पहला मुकदमा आईपीसी की धारा 323/504/506, दूसरा मुकदमा धारा 147/323/325, तीसरा मुकदमा धारा 427/504/506 और चौथा मुकदमा धारा 323/504/506 के तहत दर्ज है।
India Bharat News Latest Online Breaking News