अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह की सख्त कार्यशैली से प्रशासनिक अमले में हलचल मची हुई हैं। मुख्यमंत्री के जिला भ्रमण कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में अनुपस्थिति को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी का वेतन रोके जाने के आदेश दिए। साथ ही विभागीय कार्रवाई के लिए संस्तुति शासन को प्रेषित की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आगामी 22 दिसंबर को जिला भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिसके दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक कलक्ट्रेट में आहूत की गई थी।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा भागीदारी सुनिश्चित की गई, लेकिन जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा बैठक में अनुपस्थित रहकर शासकीय निर्देशों की अवहेलना की गई। बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी से बार-बार दूरभाष द्वारा संपर्क भी किया गया। लेकिन उनके द्वारा अलग-अलग कारण बताए गए।
डीएम सिंह ने कहा स्पष्ट निर्देशों के बावजूद बैठक में उपस्थित न होना एवं समीक्षा कार्य में बाधा उत्पन्न करना उनके द्वारा अपने शासकीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता को दर्शाता है। इसके परिणामस्वरूप खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से संबंधित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समुचित समीक्षा एवं निर्णय लेने में बाधा उत्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने इस कृत्य को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी के प्रति गंभीर अनुशासनहीनता बताते हुए इसे कर्मचारी आचरण नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन माना है। जिलाधिकारी द्वारा प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोके जाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही डीएम द्वारा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को प्रेषित की गई है।
डीएम ने सभी अधिकारियों को अनुशासन में रहने के सख्त निर्देश दिए है। डीएम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी अधिकारी द्वारा आदेशों की अवहेलना, लापरवाही अथवा बहानेबाज़ी को किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री एवं शासन स्तर के कार्यक्रमों में पूर्ण गंभीरता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News