देहरादून। रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद वहां स्थिति गंभीर बनी हुई है। उत्तराखंडियों की मदद के लिए शासन प्रशासन कार्यवाही में जुटा हुवा है। शासन प्रशासन यूक्रेन में फंसे उत्तराखण्ड के छात्रों व अन्य लोगो की जानकारी जुटाने में लगा हुवा है। इसके लिए शासन द्वारा एक नोडल व एक सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किये गए है। इसके अलावा सरकार ने टोल फ्री नंबर 112 भी जारी किया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानून व्यवस्था पी रेणुका देवी (7579278144) को नोडल अधिकारी व प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक कानून व्यवस्था को सहायक नोडल अधिकारी (9837788889) नियुक्त किया गया है।
अपर सचिव रिद्धिम अग्रवाल की ओर से जारी आदेश में कहा कि यूक्रेन में आपात स्थिति के दृष्टिगत सोशल मीडिया पर अनेक अफवाहें प्रसारित होने से यूक्रेन में निवासरत् उत्तराखण्ड राज्य के नागरिकों के परिजनों में भय एवं आशंका व्याप्त हो रही है। इस संबंध में नोडल अधिकारियों को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग यूनिट (Social media monitoring unit ) के माध्यम से अफवाहों पर नियंत्रण रखते हुए प्रभावित नागरिकों के परिजनों से तत्काल समन्वय स्थापित कर यथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
बता दे कि उत्तराखंड के कई लोगों के बच्चे वहां फंसे हैं, जिससे परिजन काफी चिंतित हैं। रूस और यूक्रेन के युद्ध के बीच फंसे उत्तराखंडियों की मदद के लिए शासन प्रशासन के उच्चाधिकारी लगातार संपर्क में हैं। अधिकारी उनकी हर संभव मदद के लिए लगातार विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के छात्र और अन्य लोग जो यूक्रेन में फंसे हैं, उनके लिए हम लगातार विदेश मंत्रालय के उच्च अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News