अल्मोड़ा: नगर के जाखनदेवी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे मामले में पर्वतीय ठेकेदार संघ अल्मोड़ा ने शुक्रवार को जिलाधिकारी विनीत तोमर को संबोधित ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों ने दोषी के विरूद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने व पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग उठाई। मांग पूरी नहीं होने पर ठेकदारों ने जल निगम में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
डीएम को संबोधित ज्ञापन में कहा कि वर्तमान में जल निगम अल्मोड़ा के द्वारा जाखनदेवी में सीवर लाइन का कार्य कराया जा रहा है। बीते गुरुवार को बिमौला निवासी ठेकेदार हरीश सिंह बिष्ट अपने दोपहिया वाहन से बिमौला से अल्मोड़ा बाजार की ओर आ रहे थे। सीवर लाइन कार्य में लगे ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई।
ज्ञापन में कहा कि घटना के जो सीसीटीवी फुटेज व अन्य छायाचित्र सामने आए है, उन्हें देखकर लग रहा है कि हरीश सिंह बिष्ट की साजिशन हत्या की गई है।
ये भी पढ़ें
ठेकेदार संघ ने दोषी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने व पीड़ित परिवार को 50 लाख का मुआवजा शीघ्र देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर 22 जनवरी 2024 तक कार्यवाही नहीं की गई तो ठेकेदार संघ द्वारा सभी निर्माण कार्य बंद कर जल निगम में तालाबंदी की जाएगी।
ज्ञापन में पर्वतीय ठेकेदार संघ के जिलाध्यक्ष प्रयाग सिंह बिष्ट, महासचिव सुरेंद्र सिंह बेलवाल, कोषाध्यक्ष जगदीश चंद्र भट्ट, मीडिया प्रभारी पूरन पालीवाल, भानु पांडे, गोपाल मेहता, गणेश अधिकारी, अकरम खान आदि के हस्ताक्षर है।
India Bharat News Latest Online Breaking News




