इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क: बैलपड़ाव-छोई क्षेत्र में मांस लेकर आ रहे वाहन चालक नासिर व अन्य को जान से मारने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों को गिरफ्तार करने, लगातार हेट स्पीच के द्वारा समाज का माहौल खराब कर रहे भाजपा नेता के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का अनुपालन करते हुए कानूनी कार्रवाई करने, हमले में घायल वाहन चालक नासिर को 10 लाख रुपए मुआवजा, असमाजिक तत्वों द्वारा किसी भी व्यक्ति की आईडी एवं वाहन चेकिंग करने पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर गुरुवार को क्षेत्र के सामाजिक व राजनीतिक संगठनों ने रामनगर तहसील पर धरना देकर पुलिस व सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
धरना स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आंदोलन को उत्तराखंड का सामाजिक सद्भाव कायम रखने, लोकतांत्रिक संवैधानिक व धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को स्थापित करने के बताते हुए कहा कि बीएनएस में सात वर्ष से अधिक सजा के मुकदमों में तत्काल गिरफ्तारी के प्रावधान के बाद भी रामनगर पुलिस भाजपा सरकार के दबाव में आकर कानून का पालन नहीं कर रही है। जिससे मॉब लिंचिंग के प्रयास के आरोपी खुले घूम रहे हैं। इतना ही नहीं मुकदमें में नामजद भाजपा नेता मदन जोशी कानून का माखौल उड़ाते हुए सोशल मीडिया व प्रेस के माध्यम से लगातार हेट स्पीच कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट के हेट स्पीच पर पुलिस द्वारा स्वत: संज्ञान लेकर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देशों पर भी पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। वक्ताओं ने कहा कि पहले भाजपा नेता गौ मांस की झूठी अफवाह फैलाकर गांव के भोले भाले नौजवानों को अपराध के दलदल में धकेलकर अब पूरे मामले से स्वयं को बचाने में लगे हैं। आज हिंदुओं को खतरा मुसलमानों से नहीं बल्कि सबसे ज्यादा आरएसएस और भाजपा से है। जिसने नौजवानों के हाथ में डिग्री और रोजगार के प्रमाण पत्र की जगह उनके हाथ में हथियार, पत्थर और लाठी डंडे थमा दिए गए हैं।
जनता को चिकित्सा, शिक्षा , रोजगार देने में नाकाम भाजपा सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए लैंड जिहाद, लव जिहाद, गाए जिहाद, प्रेस जिहाद के जुमले उछलकर माहौल खराब कर रही है। वक्ताओं ने कांग्रेस, नगर पालिका अध्यक्ष तथा सभासदों की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय विधायक अभी तक घायल नासिर का हाल-चाल लेने उसके घर नहीं गए।
आंदोलनकारियों ने कार्यवाही के लिए प्रशासन को दो दिन का वक्त देते हुए शनिवार को व्यापार भवन में बैठक कर आगे के आंदोलन की रणनीति बनाने का भी ऐलान किया।
धरने को समाजवादी लोकमंच के मुनीष कुमार, जिशान कुरैशी, मौ. नबी अंसारी, इंकलाबी मजदूर केंद्र के रोहित रुहेला, महिला एकता मंच की ललिता रावत, सरस्वती जोशी, चांद खान, आइसा नेता सुमित कुमार, जगमोहन रावत, किसान संघर्ष समिति के ललित उप्रेती, मौ. अकरम, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के मौ. आसिफ शोएब कुरैशी आदि ने संबोधित किया। इस दौरान कार्यक्रम में पूर्व सभासद टीके खान, मुनव्वर हुसैन समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News


