Breaking News
Oplus_131072

छह महीने बाद भी रामलाल के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं, न्याय के लिए भाकपा (माले) ने उठाई आवाज

​चमोली: नारायणबगड़ ब्लॉक के कोठली गांव निवासी रामलाल की हत्या के 6 महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाकपा (माले) का एक प्रतिनिधिमंडल मृतक के गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवार से मुलाकात की और उनके साथ न्याय की लड़ाई में एकजुटता जाहिर की।

 

​मृतक रामलाल के पुत्र बादल ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि उनके पिता पेशे से बैंड बजाने का काम करते थे। इसी साल फरवरी महीने में एक बारात से रात को घर लौटते समय रास्ते में उनकी हत्या कर दी गई थी।

 

बादल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने संदिग्ध आरोपियों के नाम भी पुलिस को लिखित में दे दिए हैं, लेकिन घटना के छह महीने बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस के इस ढुलमुल रवैये के कारण उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

 

​पीड़ित परिवार की व्यथा सुनने के बाद भाकपा (माले) के राज्य सचिव इन्द्रेश मैखुरी ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की जघन्य वारदात का होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। मैखुरी ने कहा कि यदि ऐसे संगीन मामलों में भी दोषी नहीं पकड़े गए, तो इससे अपराधियों के हौसले बुलंद होंगे और समाज में अपराध को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल न्याय देने और दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।​

 

कोठली गांव जाकर पीड़ित परिवार का दुख-दर्द बांटने और पुलिसिया निष्क्रियता के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में भाकपा (माले) के राज्य सचिव इन्द्रेश मैखुरी के साथ पार्टी राज्य कमेटी के सदस्य किशोरी लाल और गढ़वाल कमेटी के सदस्य मदन मोहन चमोली प्रमुख रूप से शामिल रहे।

 

Check Also

जागेश्वर में कांग्रेस को बड़ा झटका, गोविंद कुंजवाल के भतीजे दिनेश कुंजवाल समर्थकों संग UKD में शामिल

अल्मोड़ा: अगस्त क्रांति के अवसर पर जागेश्वर विधानसभा में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *