-वॉटर कूलर लगाने के बिल पास करने के बदले मांगी थी घूस
-सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने की कार्रवाई
हल्द्वानी: सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ऊधम सिंह नगर के जसपुर में तैनात में एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। वही, एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर भी रिश्वत मांगने के आरोप लगे है। उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दर्ज शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने जसपुर ब्लॉक क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने का कार्य किया था, जिसके भुगतान के एवज में कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए विजिलेंस से कार्रवाई की मांग की।
शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने सोमवार को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुंडा, काशीपुर में आरोपित कनिष्ठ अभियंता विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले के दूसरे आरोपित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे प्रकरण की आगे की जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत की जाएगी।
कार्रवाई की सफलता पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि रिश्वत मांगने या भ्रष्टाचार की सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दी जा सकती है।
India Bharat News Latest Online Breaking News